फरीदाबाद: लघु सचिवालय बल्लभगढ़ में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक आने से अचानक अचेत हुए चौकीदार की पुलिसकर्मियों की तत्परता और सूझबूझ से जान बच गई। पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए मौके पर ही सीपीआर देकर प्राथमिक सहायता प्रदान की और बाद में एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पांच सितंबर 2026 को सुबह लघु सचिवालय बल्लभगढ़ में एसडीएम कार्यालय में तैनात चौकीदार भीम सिंह को अचानक हार्ट अटैक आ गया। उस समय वहां ड्यूटी पर तैनात ईएचसी रविंद्र और सीटी योगेंद्र ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत उनकी सहायता शुरू की। दोनों पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही सीपीआर देकर उन्हें प्राथमिक उपचार दिया तथा तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर अस्पताल पहुंचाया। समय पर मिली सहायता और चिकित्सा उपचार से चौकीदार की जान बच सकी।

पुलिसकर्मियों द्वारा दिखाई गई तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की डीसीपी बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल ने सराहना की। उन्होंने रविंद्र और योगेंद्र को उनके सराहनीय कार्य के लिए उन्हें प्रशंसा पत्र एवं नकद रिवॉर्ड प्रदान कर प्रोत्साहित किया। डीसीपी बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय आमजन की सहायता करना भी है। दोनों पुलिसकर्मियों ने अपनी जिम्मेदारी से आगे बढक़र मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है। फरीदाबाद पुलिस सेवा, सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर है।

Tags: