Faridabad: जेल में हवालाती की मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
जेल में हवालाती ने दम तोड़ा, प्रशासन पर आरोप
फरीदाबाद: जिले की नीमका जेल में गुरुवार को पवन नामक के एक हवालाती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि उन्हें समय पर घटना की पूरी और स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। परिजनों का कहना है कि उन्हें पवन की मौत को लेकर कई सवालों के जवाब अभी तक स्पष्ट नहीं हैं। परिवार ने मौत की परिस्थितियों को संदिग्ध बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
परिजनों ने बताया कि पवन नीमका जेल में हवालाती के तौर पर बंद था। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगडऩे या किसी अन्य परिस्थिति में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मांग की है कि जेल में पवन के साथ क्या हुआ, उसकी तबीयत कब बिगड़ी, उसे अस्पताल कब ले जाया गया और परिवार को सूचना देने में क्या प्रक्रिया अपनाई गई। इन सभी बिंदुओं की जांच होनी चाहिए।
हालांकि अभी जेल प्रशासन की तरफ से ज्यादा जानकारी सांझा नहीं की जा रही है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।