हिसार में तीन हजार की रिश्वत लेते जिलेदार गिरफ्तार
नहरी विभाग के जिलेदार पर रिश्वत लेने का आरोप, गिरफ्तार
हिसार: स्टेट विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने नहरी विभाग के जिलेदार राजेश कुमार को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। ब्यूरो की टीम उससे पूछताछ कर रही है। पकड़े गए जिलेदार को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा। चर्चा है कि पकड़ा गया आरोपी एक मशहूर फिल्म अभिनेता का भाई है।
ब्यूरो के सूत्रों के अनुसार इस संबंध में आर्य नगर गांव निवासी राकेश कुमार ने शिकायत की थी। शिकायत के अनुसार उनके क्षेत्र में पानी की वाराबंदी होनी है। वाराबंदी की एवज में नहरी विभाग का उक्त जिलेदार राजेश कुमार तीन हजार रुपये मांग रहा है। शिकायतकर्ता ने जिलेदार द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत विजिलेंस ब्यूरो से की। शिकायत के बाद ब्यूरो ने गुरुवार को इंस्पेक्टर नरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम बनाई। टीम में एएसआई परमानंद व हनुमान, हवलदार विकास व सुनील शामिल थे। हांसी के खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया।
विजिलेंस सूत्रों के अनुसार जैसे ही जिलेदार राजेश कुमार ने शिकायतकर्ता राकेश कुमार से तीन हजार रुपये लिए, उसे रंगे हाथ दबोच लिया गया। उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।