अनुशासन और परिश्रम से संवरता है भविष्य: एसपी दीपक सहारण
अनुशासित जीवन से भविष्य को बनाएं उज्ज्वल: दीपक सहारण
सिरसा: सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत व नशे से दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पहचानते हुए अपने सपनों को साकार करने के लिए पूरी लगन से प्रयास करना चाहिए। एसपी दीपक सहारण सोमवार को सीडीएलयू में आयोजित त्रिवेणी युवा महोत्सव में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे।
एसपी ने युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के सपनों, परिवार और भविष्य को गंभीर नुकसान पहुंचाता है। विद्यार्थियों को स्वयं नशे से दूर रहना चाहिए तथा यदि उनका कोई मित्र या परिचित इसकी चपेट में है, तो उसे उचित उपचार और सहयोग के माध्यम से मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
पंचकूला के सहायक पुलिस आयुक्त विक्रम नेहरा ने कहा कि आज कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और नई तकनीकों का दौर है। जहां तकनीक ने युवाओं के लिए नए अवसर पैदा किए हैं, वहीं भ्रामक सूचनाओं और नकारात्मक विचारों के प्रसार जैसी चुनौतियां भी बढ़ी हैं। ऐसे समय में युवाओं को विवेकपूर्ण सोच, सकारात्मक दृष्टिकोण और मजबूत सांस्कृतिक मूल्यों के साथ आगे बढऩा चाहिए। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को कभी स्वयं को कमजोर नहीं समझना चाहिए और न ही अपने समाज, संस्थान तथा राष्ट्र के प्रति उदासीन होना चाहिए।
गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार के कुलसचिव डॉ विजय कुमार ने कहा कि हरियाणा के युवाओं की ऊर्जा और उत्साह ऐसे आयोजनों में स्पष्ट दिखाई देते हैं। धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से समृद्ध सिरसा की धरती पर युवा शक्ति का यह संगम विशेष महत्व रखता है। युवा महोत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, कला और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया।