फरीदाबाद: फरीदाबाद के ग्रीनफील्ड एरिया में गुरुकुल के पास लक्कड़पुर इंडस्ट्रियल एरिया में रविवार रात को एक कंटेनर ट्रक रेलवे के मैकेनिकल इंजन से टकरा गया। हादसे में कंटेनर चालक और एक बाइक सवार घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। आसपास मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों की हालत स्थिर है। पुलिस के मुताबिक, कंटेनर पहले सडक़ किनारे पेड़ से टकराया था। इसके बाद अनियंत्रित होकर आगे बढ़ा और प्लेसर इंडिया कंपनी के बाहर रेलवे ट्रैक पर खड़े मैकेनिकल इंजन से भिड़ गया। फिलहाल किसी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है। जानकारी के अनुसार, देर शाम कंटेनर ट्रक लक्कड़पुर इंडस्ट्रियल एरिया के रास्ते से गुजर रहा था। अंधेरा होने के कारण चालक को सडक़ किनारे खड़ा पेड़ दिखाई नहीं दिया। कंटेनर पहले पेड़ से टकराया और फिर बेकाबू होकर आगे बढ़ गया। कुछ दूरी पर प्लेसर इंडिया कंपनी के बाहर रेलवे ट्रैक पर खड़े मैकेनिकल इंजन से उसकी सीधी टक्कर हो गई। इससे कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। हादसे के बाद आसपास से गुजर रहे लोग मौके पर पहुंचे।

चालक के केबिन में फंसे होने के कारण लोगों ने उसे बाहर निकालने में मदद की। इस दौरान पास से गुजर रहा एक बाइक सवार भी घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। ग्रीनफील्ड चौकी इंचार्ज तोताराम ने बताया कि ईआरवी और डायल 112 की टीम के माध्यम से कंटेनर ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोग घायलों को अस्पताल पहुंचा चुके थे। उन्होंने बताया कि प्लेसर इंडिया कंपनी भारतीय रेलवे के लिए काम करती है। यहां रेलवे ट्रैक की मरम्मत और रखरखाव में इस्तेमाल होने वाले मैकेनिकल इंजन बनाए जाते हैं। हादसे के समय कंपनी के बाहर रेलवे ट्रैक पर एक इंजन खड़ा था, जिससे कंटेनर टकरा गया।

Tags: