मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ब्राह्मण सभाओं को सौंपा 31 लाख रुपए का चेक

Update: 2023-06-19 10:50 GMT

करनाल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वायदा निभाते हुए सोमवार को करनाल की ब्राह्मण सभाओं को 31 लाख रुपए का चैक सौंपा है। यह घोषणा उन्होंने करनाल में हुए भगवान परशुराम महाकुंभ के दौरान की थी। मुख्यमंत्री द्वारा चेक सौंपे जाने के बाद करनाल की सभी ब्राह्मण सभाओं ने उनका धन्यवाद किया है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करनाल प्रवास के दौरान सोमवार सुबह पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में ब्राह्मण सभाओं के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जिला करनाल की ब्राह्मण सभा को 21 लाख रुपए, जिला मोहियाल ब्राह्मण सभा को 5 लाख रुपए और मॉडल टाउन ब्राह्मण सभा को 5 लाख रुपए का चेक सौंपा। इस चेक को जिला करनाल ब्राह्मण सभा की तरफ से प्रधान सुरेंद्र शर्मा बडौता, जिला मोहियाल ब्राह्मण सभा की तरफ से पूर्व प्रधान विनोद मेहता व मॉडल टाउन ब्राह्मण सभा की तरफ से एडवोकेट राहुल बाली ने लिया।

मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं की पूरीः

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि उन्होंने परशुराम महाकुंभ में किया अपना वायदा निभाया है। भविष्य में भी ब्राह्मण समाज द्वारा की गई मांगों पर विचार करके उन्हें पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम पर डाक टिकट जारी कर दिया है। परशुराम जयंती पर राजपत्रित अवकाश घोषित कर दिया है।

कैथल में मेडिकल कॉलेज का नाम भगवान परशुराम के नाम पर रखा है। पहरावर गांव की जमीन के कागजात गौड़ ब्राह्मण सभा को सौंप दिए हैं। करनाल में कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के सामने वाले रोड का नाम भगवान परशुराम मार्ग किया है। करनाल अस्पताल चौक का नाम बदलकर भगवान परशुराम चौक किया है। करनाल के फव्वारा चौक का नाम भी भाई मति दास व भाई सति दास चौक करने औऱ उनकी प्रतिमा स्थापित करने के लिए बजट पास कर दिया है।

इस दौरान सांसद संजय भाटिया, भाजपा के जिलाध्यक्ष योगेन्द्र राणा, मेयर रेनू बाला गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि संजय बठला, बृज गुप्ता, राहुल रॉय, राहुल मोहन शर्मा, उपाध्यक्ष सुशील गौतम, सचिव रोशन लाल शर्मा, राज कुमार शर्मा, जितेंद्र शर्मा, भूपेंद्र मेहता मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News