Chandigarh.चंडीगढ़: स्थानीय अदालत ने सेक्टर 39 थाने के पूर्व एडिशनल एसएचओ नवीन फोगट और तीन अन्य के खिलाफ कथित तौर पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मामले में आरोप तय किए हैं। अन्य आरोपियों में कांस्टेबल वरिंदर, शिव कुमार और एक निजी व्यक्ति वरिंदर सिंह गिल शामिल हैं। इससे पहले पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 365, 386, 420, 506, 120, 389 और 364 ए के तहत दंडनीय अपराधों के लिए आरोप पत्र दाखिल किया था। बठिंडा के एक व्यापारी संजय गोयल की शिकायत पर नवीन फोगट और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
गोयल ने आरोप लगाया कि फोगट और अन्य लोगों ने 4 अगस्त, 2023 को सेक्टर 40 के बाजार में उनसे जबरन 1.01 करोड़ रुपये छीन लिए थे, जिसे वह बदलने के लिए लाए थे। शिकायतकर्ता ने बताया कि तीन लोग - जिनमें से एक पुलिस की वर्दी में था - उसे और उसके ड्राइवर को सेक्टर 40 में पुलिस बीट बॉक्स में ले गए। उन्होंने व्यापारी से पूरी रकम ले ली और उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर वहां से चले जाने को कहा। जब सजय गोयल ने विरोध किया, तो उन्होंने कथित तौर पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी।