हरियाणा: हरियाणा में प्रशासनिक फेरबदल का दौर जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार की देर रात गृह विभाग ने पुलिस महकमे में बड़ा उलटफेर किया। सरकार ने एक साथ 46 हरियाणा पुलिस सेवा (HPS) अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए, जिससे फील्ड से लेकर हेडक्वार्टर तक हलचल मच गई है। इस तबादला सूची में 35 डीएसपी और 11 एसीपी के नाम शामिल हैं। अधिकारियों को राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (Vigilance), नशीले पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो (Narcotics), और अपराध जांच विभाग (CID) जैसी अहम शाखाओं में तैनात किया गया है।
फील्ड और विंग्स में बड़ा बदलाव: किसे कहां मिली कमान?
नई सूची के मुताबिक, कई जिलों के डीएसपी को बदला गया है। प्रणय कुमार और मुकेश कुमार को पानीपत में डीएसपी तैनात किया गया है, जबकि सिद्धार्थ को शाहाबाद की कमान सौंपी गई है। वहीं, नूंह और सिरसा जैसे संवेदनशील जिलों में भी नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। सुरिंदर कौर और हरदीप सिंह को नूंह की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि सुभाष चंदर और सुखबीर सिंह सिरसा में मोर्चा संभालेंगे। रेलवे पुलिस अंबाला छावनी में देवेंद्र सिंह को भेजा गया है।
कमिश्नरेट में भी फेरबदल: गुरुग्राम-फरीदाबाद के एसीपी बदले
प्रदेश के बड़े औद्योगिक शहरों में भी तैनातियों में बदलाव हुआ है। फरीदाबाद पुलिस कमिश्नरेट में पंकज कुमार (मुजेसर), संदीप मोर (सराय), और रवि खुंडिया (बल्लभगढ़) को सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) नियुक्त किया गया है। वहीं, गुरुग्राम में गौरव फोगाट, मनोज कुमार और नवीन शर्मा बतौर एसीपी कानून व्यवस्था की कमान संभालेंगे। भ्रष्टाचार पर लगाम कसने के लिए राज्य सतर्कता ब्यूरो में भी अभिलाष जोशी, मुनिश सहगल और प्रियंशु दीवान जैसे तेजतर्रार अधिकारियों को नई पोस्टिंग दी गई है।
महत्वपूर्ण तैनातियों पर एक नजर:
अधिकारी का नाम नई तैनाती
प्रणय कुमार डीएसपी, पानीपत
अमन यादव डीएसपी, सीआईडी
सुरिंदर कौर डीएसपी, नूंह
रमेश चंद्र डीएसपी, कैथल
सिद्धार्थ डीएसपी, शाहाबाद
पंकज कुमार एसीपी, मुजेसर (फरीदाबाद)
गौरव फोगाट एसीपी, गुरुग्राम
डॉ. कविता डीएसपी, नारनौल