चंडीगढ़: हरियाणा भिवानी में पिछले साल संदिग्ध परिस्थितियों में मारी गई अध्यापिका मनीषा की मौत अथवा हत्या से अब पर्दा उठ सकता है। सीबीआई ने करीब आठ माह की जांच के बाद पंचकूला स्थित अदालत में अपनी क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी है। सीबीआई की तरफ से गुरुवार की रात मृतका के पिता को इसकी सूचना दी गई है।

11 अगस्त 2025 को 19 वर्षीय मनीषा अपने घर से स्कूल और फिर नर्सिंग कॉलेज जाने के लिए निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। 13 अगस्त 2025 को भिवानी के सिंघानी गांव के खेतों में उसका शव मिला था। शुरुआती जांच में स्थानीय पुलिस ने इसे आत्महत्या बताया था, जिसका परिजनों और ग्रामीणों ने भारी विरोध किया। चौतरफा बढ़ते दबाव के बाद सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी।

अब सीबीआई ने जांच पूरी करने के बाद पंचकूला स्थित स्पेशल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट, सीबीआई की अदालत में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी है। मामले के शिकायतकर्ता संजय स्वामी को पत्र जारी कर जांच पूरी होने और अंतिम रिपोर्ट अदालत में पेश किए जाने की जानकारी दी गई थी।

सीबीआई के स्पेशल क्राइम-टू, नई दिल्ली कार्यालय से जारी पत्र में बताया गया है कि शिकायत से संबंधित सीबीआई केस संख्या आरसी-0502025-0010 तथा थाना लोहारी, जिला भिवानी में दर्ज एफआईआर संख्या 135/2025 की जांच पूरी हो चुकी है। जांच पूरी होने के बाद सीबीआई ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 193 के तहत अंतिम रिपोर्ट पंचकूला स्थित स्पेशल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट, सीबीआई की अदालत में दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी की। अब इस मामले में सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट के बाद अदालत में आगे की न्यायिक प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी। अदालत रिपोर्ट पर विचार करने के बाद कानून के अनुसार आगामी निर्णय लेगी।

Tags: