Chandigarh: 256 अभ्यर्थियों ने नहीं कराया डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, मेवात कैडर भर्ती का मामला
मेवात कैडर टीचर भर्ती में 256 उम्मीदवारों ने नहीं कराया दस्तावेज सत्यापन
चंडीगढ़: हरियाणा के मेवात कैडर टीचर भर्ती में ढाई सौ से अधिक अभ्यर्थियों ने अब तक दस्तावेज वेरीफिकेशननही कराया है।
हरियाणा में एक तरफ जहां नौकरियों के लिए मारामार हो रही है वहीं मेवात कैडर में 256 अध्यापक ऐसे हैं जिन्होंने चयन के बावजूद दस्तावेज सत्यापन में दिलचस्पी नहीं दिखाई। शिक्षा निदेशालय अब ऐसे अध्यापकों को अंतिम अवसर देगा। इसके बाद इन पदों को रिक्त घोषित ककरने की कार्रवाई शुरू हो जाएगी।
हरियाणा के मेवात कैडर में 1456 प्राइमरी टीचर की भर्ती अब अंतिम चरण में पहुंच गई है, लेकिन चयनित अभ्यर्थियों की लापरवाही ने भर्ती प्रक्रिया को फिर चर्चा में ला दिया है। 256 अभ्यर्थी दस्तावेज सत्यापन के लिए नहीं पहुंचे। शिक्षा विभाग ने इन्हें आखिरी अवसर देते हुए 18 और 19 अगस्त को दोबारा वेरिफिकेशन के लिए बुलाया है। विभाग ने साफ कर दिया है कि इस मौके पर भी गैरहाजिर रहे तो चयन रद्द कर दिया जाएगा।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने विज्ञापन संख्या 05/2024, कैटेगरी नंबर-1 के तहत मेवात कैडर में 1456 प्राइमरी टीचर पदों पर भर्ती निकाली थी। भर्ती में 607 पद सामान्य वर्ग, 300 एससी, 242 बीसीए, 170 बीसीबी और 71 ईडब्ल्यूएस के लिए रखे गए थे। इसके अलावा ईएसएम वर्ग के लिए भी पद निर्धारित थे।
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन अगस्त 2024 में मांगे गए थे। इसके बाद 28 सितंबर 2024 को लिखित परीक्षा हुई। एचएसएससी ने पात्रता जांच के लिए अभ्यर्थियों की डॉक्यूमेंट स्क्रूटनी की प्रक्रिया भी शुरू की। आयोग के रिकॉर्ड में भर्ती को 1456 पदों वाली पीआरटी मेवात कैडर भर्ती के रूप में दर्ज किया गया है। विभाग की ओर से पहले दस्तावेज सत्यापन के लिए अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। नोटिस के अनुसार कुछ अनुशंसित अभ्यर्थी निर्धारित तारीख पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कमेटी के सामने उपस्थित नहीं हुए।
अब इन अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर दिया गया है। गैरहाजिर रहे अभ्यर्थियों को राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल (टंकीवाला), नूंह में दस्तावेज सत्यापन समिति के सामने उपस्थित होना होगा। उन्हें अपने दावे से संबंधित मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र और जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे।
विभाग ने नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी है कि 18 और 19 अगस्त को भी अभ्यर्थी उपस्थित नहीं हुए तो उसे नियुक्ति में रुचि नहीं रखने वाला माना जाएगा। इसके बाद एचएसएससी की अनुशंसा के आधार पर हुआ चयन बिना किसी अन्य नोटिस के रद्द किया जा सकता है।