हरयाणा क्राइम न्यूज़: यमुनानगर में ससुराल वालों की हैवानियत का मामला सामने आया है। विवाहिता से निकाह के बाद न सिर्फ देहव्यापार करवाया, बल्कि उसके साथ मारपीट की। आरोपितों ने उसे बंधक बनाकर भी रखा। महिला ने ससुराल वालों पर देहव्यापार कराने का आरोप लगाया है। आरोप है कि पति ने उसकी अश्लील वीडियो बनाई है। अब उसे वायरल करने की धमकी भी दे रहा है। मामले में महिला थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, 28 वर्षीय महिला का निकाह वर्ष 2018 में कुरबान के साथ हुआ था। इस निकाह से उसके पास दो बच्चे हैं। अब वह पांच माह की गर्भवती है। आरोप है कि निकाह के बाद से ही ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करने लगे। उस पर देहव्यापार का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने उसे बंधक बना लिया और कमरे में बंद कर पीटा।
नशीला पदार्थ देकर दूसरे व्यक्ति को सौंपा: आरोप है कि एक दिन उसे नशीला पदार्थ दे दिया। जब वह होश में आई, तो दिलशाद उसके पास लेटा हुआ था। किसी तरह से कमरे से बाहर आई, तो बाहर पति व अन्य ससुराल वाले खड़े थे। आरोप है कि पति ने उसकी दिलशाद के साथ अश्लील वीडियो बनाई। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे देह व्यापार कराने लगे। आरोपित बाहर से लोगों को बुलाते और पैसे लेकर उसे उन लोगों के पास भेज देते। इस बीच में दिलशाद भी आता रहा। वह भी उसके साथ गलत काम करता। कई बार अप्राकृतिक संबंध बनाए।
इधर, महिला का हाथ पकड़ खींचा, छेड़छाड़: गांधीनगर थाना क्षेत्र की कालोनी निवासी 35 वर्षीय महिला के साथ सन्नी नाम के युवक ने छेड़छाड़ की। आरोप है कि वह गली से जा रही थी। इसी दौरान आरोपित ने उसका हाथ पकड़ लिया और गलत नीयत से उसे खींचने लगा। विरोध करने पर आरोपित ने धमकी दी। मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया।