फरीदाबाद: हरियाणा के बल्लभगढ़ में आपत्तिजनक नारेबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पाकिस्तान और प्रतिबंधित आतंकी संगठनों के समर्थन में नारे लगाने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुन्नी खान के रूप में हुई है।

घटना रविवार सुबह बल्लभगढ़ के सेक्टर-3 स्थित सीनियर सिटीजन क्लब के सामने हुई। जानकारी के मुताबिक, वहां मौजूद कुछ बुजुर्गों के साथ आरोपी का किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर आपत्तिजनक और देशविरोधी नारे लगाने शुरू कर दिए।

मौके पर मौजूद हिंदू जागरण मंच से जुड़े एक व्यक्ति ने घटनाक्रम को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

सीनियर सिटीजन क्लब के महासचिव चरण सिंह ने सेक्टर-3 पुलिस चौकी में घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी मूल रूप से हिमाचल प्रदेश का निवासी है और काफी समय से बल्लभगढ़ के सेक्टर-3 में रह रहा था। उसके धर्म परिवर्तन से संबंधित दावों की अभी पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान विवाद की वजह और आपत्तिजनक नारेबाजी के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

Tags: