ईंट से हमला कर युवक की जान ली, लेबर कॉलोनी में वारदात
सिर पर ईंट से वार कर युवक को उतारा मौत के घाट
हिसार: हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) परिसर स्थित लेबर कॉलोनी में 20 वर्षीय युवक सन्नी की ईंट से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। वारदात के पीछे तीन-चार दिन पहले हुई कहासुनी की रंजिश बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और हत्या की पूरी साजिश का पता लगाने में जुटी है।
घर लौटते समय रास्ते में घेरकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, लेबर कॉलोनी निवासी सन्नी गुरुवार रात करीब 11 बजे अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में तीन-चार युवकों ने उसे घेर लिया। पुरानी रंजिश को लेकर बहसबाजी हुई, जिसके बाद हमलावरों ने पास में पड़ी ईंट उठाकर सन्नी के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलने पर एचएयू चौकी प्रभारी पंकज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और गंभीर रूप से घायल सन्नी को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सन्नी के पिता और बड़ा भाई मजदूरी करते हैं। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। चौकी प्रभारी के मुताबिक, पुलिस पुरानी रंजिश के साथ-साथ अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ
पुलिस के अनुसार, घटना के तुरंत बाद डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और मृतक के पिता के बयान पर केस दर्ज किया। इसके बाद कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। पूछताछ के दौरान वारदात में शामिल अन्य सहयोगियों और हत्या के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।