हिसार: दुष्कर्म के मामले को रद्द करवाने के नाम पर 70 लाख रुपये मांगने और पैसे नहीं देने पर कार्रवाई करवाने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने महिला को गिरफ्तार किया है। महिला की पहचान हिसार के रामपुरा मोहल्ला निवासी सुमन के रूप में हुई है। महिला को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला जेल हिसार भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने शिकायतकर्ता के खिलाफ सिविल लाइन थाना में दुष्कर्म के आरोपों से संबंधित केस दर्ज करवाया हुआ था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि महिला उक्त मामले को रद्द करवाने के नाम पर उससे 70 लाख रुपये की मांग कर रही थी। रुपये नहीं देने पर मामले में कार्रवाई करवाने की धमकी देकर उस पर दबाव बनाया जा रहा था।

शिकायतकर्ता ने महिला द्वारा की जा रही पैसों की मांग और कथित ब्लैकमेलिंग के संबंध में सिविल लाइन थाना में शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जबरन वसूली और ब्लैकमेलिंग से संबंधित मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने महिला आरोपी सुमन को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी से पूछताछ करने के साथ मामले से जुड़े साक्ष्यों की जांच की। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि ब्लैकमेलिंग, धमकी देकर रुपये मांगने अथवा किसी आपराधिक मामले को रद्द करवाने के नाम पर अवैध रूप से धन की मांग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि ऐसे मामलों में शिकायत मिलने पर तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Tags: