फरीदबाद: फरीदाबाद में गुरुग्राम रोड पर पाली गांव के पास एक सीएनजी पंप पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब छह फीट लंबा अजगर एक आईसर कैंटर के बोनट के नीचे इंजन में फंसा मिला। कैंटर ड्राइवर सीएनजी खाली करने के बाद वापस जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसने इंजन की सफाई के लिए कैंटर का बोनट खोला तो अंदर अजगर को देखकर उसके होश उड़ गए। जानकारी के अनुसार वीरवार को एक आईसर कैंटर सीएनजी के सिलेंडर लेकर पाली गांव के पास स्थित सीएनजी पंप पर पहुंचा था। सीएनजी खाली करने के बाद ड्राइवर कैंटर को वापस ले जाने से पहले इंजन की सफाई कर रहा था। जैसे ही उसने बोनट खोला, अंदर अजगर दिखाई दिया। ड्राइवर ने तुरंत आसपास मौजूद लोगों को बुलाया। अजगर इंजन और बोनट के बीच इस तरह फंसा हुआ था कि उसे आसानी से बाहर निकालना मुश्किल हो रहा था। लोगों ने काफी प्रयास किया, लेकिन अजगर बाहर नहीं निकला। इसके बाद एक व्यक्ति ने अजगर के शरीर में रस्सी बांधी और उसे खींचकर बाहर निकालने का प्रयास किया।

कई कोशिशों के बाद अजगर बोनट से निकलकर नीचे आ गया। अजगर को बाहर निकालने के बाद रस्सी की मदद से उसे सड़क पार कराकर अरावली क्षेत्र के जंगल में छोड़ दिया गया। इसके बाद कैंटर ड्राइवर अपना वाहन लेकर वहां से चला गया। बताया जा रहा है कि अरावली क्षेत्र होने के कारण इस इलाके में अक्सर अजगर समेत अन्य वन्यजीव दिखाई देते हैं। आशंका है कि रात में कैंटर पंप पर खड़ा होने के दौरान अजगर जंगल से निकलकर इंजन में घुस गया होगा।

Tags: