रोडवेज बस और कैंटर में टक्कर, कंडक्टर सहित चार को चोटें
हांसी-भिवानी मार्ग पर कैंटर से टकराई बस, चार लोगों को आई चोटें
हांसी: हांसी-भिवानी रोड पर रोहतक-हांसी रेलवे लाइन पार करने के बाद बुधवार को हरियाणा रोडवेज की बस सड़क किनारे खड़े कैंटर से टकरा गई। हादसे में बस का अगला शीशा टूट गया और कंडक्टर गजेंद्र समेत तीन से चार यात्रियों को चोटें आईं। घायलों को हांसी के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना के समय बस में करीब 60 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस हिसार से चरखी दादरी जा रही थी। बस चालक रामपाल ने बताया कि वह बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हिसार से बस लेकर रवाना हुआ था। ढाणी कुशाल से आगे रोहतक-हांसी रेलवे लाइन पार करने के बाद पीछे से आ रही एक कार को बचाने के प्रयास में उसे बस मोड़नी पड़ी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े कैंटर का बाहर निकला हुआ कोना बस से टकरा गया। टक्कर के कारण बस का अगला शीशा टूट गया और कई यात्रियों को चोटें आईं।
वहीं, कैंटर मालिक संजय ने बताया कि उनका चालक सिकंदरपुर निवासी अंकित कैंटर सड़क किनारे खड़ा कर खाना खाने के लिए घर गया हुआ था। इसी दौरान रोडवेज बस ने कैंटर को टक्कर मार दी। टक्कर से कैंटर सड़क से करीब दो से तीन फीट नीचे उतर गया और उसे काफी नुकसान पहुंचा।
हादसे के कारणों को लेकर अलग-अलग दावे
कैंटर मालिक संजय ने आरोप लगाया कि घटनास्थल से करीब 10 मीटर पीछे ब्रेकर बना हुआ है। उनके अनुसार, रोडवेज बस तेज गति से आ रही थी और ब्रेकर पार करने के बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिसके चलते दुर्घटना हुई। दूसरी ओर, बस चालक ने पीछे से आ रही कार को बचाने के प्रयास में हादसा होने की बात कही है।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई
दुर्घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बवानी खेड़ा पुलिस ने भी घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।