हिसार: हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में कुलपति कार्यालय के बाहर हुए हंगामे और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस मामले में इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (इनेसो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला को आरोपी नहीं बनाए जाने से राजनीतिक हलकों में सवाल उठ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय परिसर में 16 अप्रैल को प्रदर्शन के दौरान हंगामा और तोड़फोड़ की घटना हुई थी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने शुरुआती शिकायत में दिग्विजय चौटाला का नाम शामिल करते हुए उन पर प्रदर्शनकारियों की अगुवाई करने का आरोप लगाया था।

घटना के करीब सात महीने बाद पुलिस ने जांच पूरी कर अदालत में अंतिम रिपोर्ट पेश की है। इसमें विजेंद्र, तरुण गोयल, दीपक, गौरव, रविंद्र कुमार और जितेंद्र श्योराण सहित छह लोगों के खिलाफ चालान दाखिल किया गया है।

वहीं, दिग्विजय चौटाला सहित सात लोगों को पुलिस ने 'नॉन चार्जशीटेड' और 'नॉट अरेस्टेड' की श्रेणी में रखा है। इनमें दीपक मलिक, हरिंदर बेनीवाल, आशीष कुंडू, रोहित सोनी, हरीकेश ढांडा और अजय कुमार उर्फ अज्जू घणघस भी शामिल हैं।

घटना के समय सामने आए वीडियो में दिग्विजय चौटाला कुलपति कार्यालय के गेट पर मौजूद दिखाई दिए थे। शुरुआती शिकायत में नाम होने के बावजूद अंतिम आरोपपत्र में उन्हें आरोपी नहीं बनाए जाने को लेकर चर्चा हो रही है।

एडवोकेट मनदीप बिश्नोई ने बताया कि पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ चालान पेश किया है, जबकि सात अन्य लोगों को चार्जशीट में आरोपी नहीं बनाया गया है।

अब अदालत में दाखिल आरोपपत्र के आधार पर मामले की आगे की न्यायिक प्रक्रिया संचालित होगी।

Tags: