कांग्रेस के चिंतन शिविर में 9 प्रस्ताव हुए पास, 1 नवंबर को होगा कार्यकर्ता सम्मेलन

बड़ी खबर

Update: 2022-08-01 16:54 GMT

चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस द्वारा सोमवार को पंचकूला में एक दिवसीय चिंतन शिविर आयोजित किया गया। इसके बाद हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक प्रेसवार्ता कर चिंतन शिविर में रखे गए प्रस्ताव की जानकारी दी। इसी के साथ भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मंगलवार को हरियाणा कांग्रेस के विधायक दल की एक बैठक होगी। प्रेसवार्ता में जानकारी दी गई कि चिंतन शिविर में कुल 9 प्रस्ताव रखे गए हैं। इसी के साथ 9 से 15 अगस्त तक हर जिले में 75 किलोमीटर की आजादी गौरव यात्रा की भी जानकारी दी गई।

प्रदेश के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरेगी कांग्रेस
कांग्रेस के चिंतन शिविर में महंगाई, कानून व्यवस्था, कृषि और खेत मजदूर, व अग्निवीर समेत 9 प्रस्तावों पर चर्चा की गई है। इसी के साथ इन तमाम समस्याओं को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति पर भी बातचीत की गई। इन प्रस्तावों पर कांग्रेस के करीब 28 नेताओं ने अपने सुझाव दिए हैं। प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि कांग्रेस नेता ज्वलंत मुद्दों को लेकर लोगों के बीच जाएंगे।
20 अगस्त तक प्रदेश में पार्टी संगठन बनाने की कवायद
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि 5 अगस्त को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालयों और जिलों में महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ता महंगाई को लेकर सरकार को घेरेंगे। इसी के साथ हरियाणा में कांग्रेस के संगठन को लेकर उदयभान ने कहा कि प्रदेश में 20 अगस्त तक पार्टी का संगठन बन जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले 8 साल में हरियाणा में कांग्रेस का संगठन नहीं है। इसके चलते हमें काफी नुकसान हुआ है। उदयभान ने जानकारी दी कि विपक्ष आपके समक्ष का अगला कार्यक्रम 28 अगस्त को यमुनानगर में होगा। उन्होंने कहा कि संगठन बनने के बाद 1 नवंबर को प्रदेश में कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन किया जाएगा।
Tags:    

Similar News