निवेश का झांसा देकर 5.10 लाख ठगे, अजमेर से आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम में निवेश के नाम पर ठगी, पुलिस ने आरोपी दबोचा
गुरुग्राम: साइबर अपराध दक्षिण थाना पुलिस ने निवेश और ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि शिकायतकर्ता से ठगी गई राशि में से 27 हजार रुपए जिस बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे, वह खाता आरोपी भगवान ठकरानी के नाम पर था।
पुलिस के अनुसार 17 जुलाई 2025 को एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसके साथ ट्रेडिंग/निवेश के नाम पर लगभग 5.10 लाख रुपए की साइबर धोखाधड़ी हुई है। शिकायत के आधार पर थाना साइबर अपराध दक्षिण में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान भगवान ठकरानी निवासी पहाडग़ंज, जिला अजमेर (राजस्थान) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता से ठगी गई राशि में से 27 हजार रुपए जिस बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे, वह खाता आरोपी भगवान ठकरानी के नाम पर था। आरोपी ने यह बैंक खाता चार हजार रुपए में एक अन्य आरोपी को उपलब्ध करवाया था, जिसका इस्तेमाल ठगी की रकम को ठिकाने लगाने के लिए किया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और गिरोह के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।