हरियाणा में 40 वर्षीय बॉडीबिल्डर की संदिग्ध मौत, कार से मिले पांच जिंदा कारतूस
भिडूकी गांव में बॉडीबिल्डर का शव मिलने से हड़कंप, पुलिस ने कब्जे में लिया कट्टा
पलवल: हरियाणा के पलवल जिले के भिडूकी गांव में 40 वर्षीय बॉडीबिल्डर महेश चौहान का गोली लगा शव खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महेश का शव खेत में बने कमरे के पीछे खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। घटनास्थल से पुलिस ने एक देसी कट्टा, खाली कारतूस का खोल और पास खड़ी कार से पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी साक्ष्यों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हसनपुर थाना प्रभारी विजयपाल ने शुक्रवार को बताया कि मृतक के छोटे भाई नरेश ने पुलिस को घटना की शिकायत दी है। नरेश के अनुसार, जब वह खेत पर पहुंचे तो अपने बड़े भाई महेश चौहान को खेत में बने कोठड़े के पीछे खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। महेश को गोली लगी हुई थी।
भाई को इस हालत में देखकर नरेश और अन्य परिजनों ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद हसनपुर थाना पुलिस की टीम एएसआई लाल सिंह के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास मौजूद सामान और परिस्थितियों की जांच की।
पुलिस को महेश के शव के पास से एक देसी कट्टा और कारतूस का खाली खोल मिला। इसके अलावा घटनास्थल के पास एक सफेद रंग की कार भी खड़ी थी।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसकी पिछली सीट पर रखे बैग से पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने देसी कट्टा, खाली खोल और जिंदा कारतूसों को कब्जे में लेकर सील कर दिया।
इसके बाद महेश चौहान को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
जानकारी के अनुसार, महेश चौहान बॉडीबिल्डिंग के क्षेत्र में जाने-माने खिलाड़ी थे। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर कई मेडल जीते थे।
उनकी अचानक मौत की सूचना मिलने के बाद भिडूकी गांव में शोक का माहौल है। परिजन और स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल मौत की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। घटनास्थल से बरामद हथियार, कारतूस और अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि महेश चौहान को गोली किन परिस्थितियों में लगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।