हरियाणा Haryana : जिला सचिवालय जगाधरी में शुक्रवार को जिला लोक संपर्क एवं शिकायत निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी की अध्यक्षता में आयोजित की गई।बैठक में कुल 21 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से कैबिनेट मंत्री ने 15 का मौके पर ही निपटारा कर दिया। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को अगली बैठक तक शेष छह शिकायतों का निपटारा करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला के सरस्वती नगर खंड के अंतर्गत आने वाले हुडिया गांव के करण कुमार ने जमीन की गलत निशानदेही (निशान देही) की शिकायत की, जबकि सढौरा खंड के अंतर्गत आने वाले सलेमपुर गांव के सरपंच ऋषि पाल ने सड़क से अतिक्रमण हटाने का मुद्दा उठाया। मंत्री ने सढौरा के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को सड़क से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
जगाधरी के अमन सिंगला ने अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत की। उनकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर सिंगला की शिकायत की जांच करवाने के निर्देश दिए। इस मामले में मंत्री ने अगली बैठक तक इस शिकायत को लंबित रखने के निर्देश दिए। जिले के रादौर उपमंडल के अंतर्गत आने वाले सिली खुर्द गांव के मोहन लाल ने मुश्तरका भूमि से मिट्टी के अवैध खनन की शिकायत दर्ज करवाई थी। इस शिकायत को सुनने के बाद मंत्री ने रादौर के एसडीएम व जिला शिकायत निवारण समिति के सदस्य धनपत सैनी व एक अन्य सदस्य को मामले की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए तथा अधिकारियों को अगली बैठक तक इस शिकायत को लंबित रखने के निर्देश दिए। बैठक में साढौरा विधायक रेनू बाला, मेयर सुमन बहमनी, उपायुक्त पार्थ गुप्ता, यमुनानगर-जगाधरी नगर निगम आयुक्त अखिल पिलानी, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भोरिया, अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, जिला परिषद चेयरमैन रमेश ठसका, जिला परिषद सीईओ वीरेंद्र सिंह ढुल, जगाधरी एसडीएम सोनू राम, रादौर एसडीएम नरेंद्र कुमार और छछरौली एसडीएम रोहित कुमार भी उपस्थित थे।