अहमदाबाद: गुजराती साहित्य के प्रसिद्ध कवि, गजलकार और आलोचक राजेंद्र शुक्ल का रविवार तड़के अहमदाबाद में 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से गुजराती साहित्य जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनकी अंतिम यात्रा रविवार शाम छह बजे उनके निवास स्थान से निकलकर थलतेज श्मशान गृह पहुंचेगी।

राजेंद्र अनंतराय शुक्ल का जन्म 12 अक्टूबर 1942 को गुजरात के जूनागढ़ जिले के बांटवा गांव में हुआ था। उन्होंने अहमदाबाद के एल.डी. आर्ट्स कॉलेज और गुजरात विश्वविद्यालय से संस्कृत एवं प्राकृत विषयों में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की थी।

वर्ष 1982 तक विभिन्न कॉलेजों में अध्यापन करने के बाद उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर अपना जीवन साहित्य और काव्य लेखन को समर्पित कर दिया। उनकी पत्नी नयना जानी भी प्रसिद्ध गुजराती कवयित्री हैं।

राजेंद्र शुक्ल ने गुजराती साहित्य को कई महत्वपूर्ण रचनाएं दीं। उनकी प्रमुख कृतियों में 'गिरनारनी तलेटी', 'कोमल रिषभ', 'स्ववाचकनी शोध', 'अंतर गांधार' और 'गजलसंहिता' शामिल हैं।

साहित्य के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए वर्ष 2006 में उन्हें रणजितराम सुवर्णचंद्रक और नरसिंह मेहता पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

वर्ष 2007 में उनकी कृति 'गजलसंहिता' के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला। इसके अलावा 2008 में नर्मद सुवर्णचंद्रक और 2009 में वली गुजराती गजल पुरस्कार से भी उन्हें सम्मानित किया गया।

उन्हें कवि श्री नानालाल पुरस्कार और उमा-स्नेहरश्मि पुरस्कार भी प्राप्त हुए थे। उनके निधन से गुजराती साहित्य ने एक प्रतिष्ठित रचनाकार खो दिया है।

Tags: