अहमदाबाद। देश में हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक और कदम बढ़ाया है। गुजरात के अहमदाबाद में हब एंड स्पोक फ्लाइट ऑपरेशन की शुरुआत की गई। इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि इन सभी पहलों का उद्देश्य देश के हर नागरिक की आकांक्षाओं को नई उड़ान देना है। मुरलीधर मोहोल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हमेशा से यह विजन रहा है कि देश का आम नागरिक भी हवाई यात्रा कर सके। इसी सोच के साथ वर्ष 2016 में राष्ट्रीय नागरिक उड्डयन नीति के तहत क्षेत्रीय संपर्क योजना (Regional Connectivity Scheme) की शुरुआत की गई थी, जिसे आज पूरी दुनिया UDAN यानी 'उड़े देश का आम नागरिक' के नाम से जानती है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि UDAN योजना ने देश के छोटे शहरों और दूरदराज के क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस योजना के माध्यम से लाखों लोगों के लिए हवाई यात्रा पहले से अधिक आसान और सुलभ हुई है। हब एंड स्पोक मॉडल के तहत बड़े शहरों को हब के रूप में विकसित कर छोटे शहरों और क्षेत्रीय इलाकों को उनसे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और क्षेत्रीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मोहोल ने कहा कि हवाई संपर्क केवल यात्रा का माध्यम नहीं है, बल्कि यह रोजगार, व्यापार, पर्यटन और विकास के नए अवसर भी पैदा करता है। छोटे शहरों में एयर कनेक्टिविटी बढ़ने से स्थानीय उद्योगों और पर्यटन को भी फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार विमानन क्षेत्र के विस्तार पर काम कर रही है ताकि देश के ज्यादा से ज्यादा लोग हवाई यात्रा का लाभ उठा सकें। UDAN योजना के जरिए अब तक कई छोटे शहरों और क्षेत्रों को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ा गया है।
केंद्र सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में हवाई सेवाओं का विस्तार और तेज किया जाए। हब एंड स्पोक फ्लाइट ऑपरेशन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्रीय हवाई संपर्क बढ़ाने से यात्रियों को बेहतर विकल्प मिलेंगे और देश के विमानन क्षेत्र को नई गति मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि हवाई यात्रा को केवल बड़े शहरों तक सीमित न रखकर देश के हर हिस्से तक पहुंचाया जाए।