भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया, आज हमारा दिन नहीं था: हर्ष संघवी

Update: 2026-06-27 18:05 GMT
Ahmedabad अहमदाबाद। गुजरात के उपमुख्यमंत्री Harsh Sanghavi ने भारतीय टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया और बिना कोई मैच हारे सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। हालांकि, सेमीफाइनल मुकाबले में टीम को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर गर्व होना चाहिए।
अहमदाबाद में मीडिया से बातचीत के दौरान हर्ष संघवी ने कहा कि शहर तेजी से एक प्रमुख खेल आयोजन केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों की मेजबानी से अहमदाबाद की पहचान मजबूत हुई है और खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिला है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा, "भारत ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया। टीम ने एक भी मैच नहीं हारा और दमदार खेल के दम पर सेमीफाइनल तक पहुंची। आज का दिन हमारे पक्ष में नहीं रहा। मुकाबला बेहद कड़ा था और अंत में हमारी टीम को हार का सामना करना पड़ा।
उन्होंने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि खेल में जीत और हार दोनों होती हैं, लेकिन महत्वपूर्ण यह है कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अपना सर्वश्रेष्ठ दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय खिलाड़ी इस अनुभव से सीख लेकर भविष्य में और मजबूत होकर वापसी करेंगे।
हर्ष संघवी ने कहा कि आने वाले समय में भारतीय टीम विश्व कप सहित अन्य बड़े टूर्नामेंटों की तैयारी और बेहतर तरीके से करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम आगामी प्रतियोगिताओं में और शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेगी। उन्होंने खेल प्रेमियों से भी खिलाड़ियों का समर्थन जारी रखने की अपील की और कहा कि हार के बावजूद टीम ने देशवासियों को गर्व करने का अवसर दिया है। भारतीय टीम की उपलब्धियां आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेंगी।
Tags:    

Similar News