अहमदाबाद: गुजरात पुलिस के एक कांस्टेबल ने अपने पद से इस्तीफा देने का फैसला कर चर्चा बटोर ली है। पूर्वी कच्छ जिले के अडेसर पुलिस स्टेशन में तैनात रामगर मोहनगर गोसाईं ने कहा है कि वह अब अपना जीवन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के समर्थन और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की सेवा के लिए समर्पित करना चाहते हैं।

कांस्टेबल रामगर गोसाईं ने अपना इस्तीफा पूर्वी कच्छ के पुलिस अधीक्षक (SP) को सौंप दिया है। हालांकि अभी उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपने फैसले की वजह बताई।
रामगर गोसाईं ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए हालिया प्रदर्शन और उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसलों से प्रभावित होकर उन्होंने सरकारी नौकरी छोड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि वह अब सामाजिक और राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस की नौकरी उन्हें काफी मेहनत और लगन के बाद मिली थी, लेकिन अब वह अपना जीवन एक अलग उद्देश्य के लिए समर्पित करना चाहते हैं। उनका कहना है कि वह संघ से जुड़कर सेवा कार्यों में योगदान देना चाहते हैं।
2029 तक जूते-चप्पल छोड़ने का संकल्प
रामगर गोसाईं ने अपने बयान में एक संकल्प का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब तक 2029 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार दोबारा नहीं बनती, तब तक वह जूते-चप्पल नहीं पहनेंगे। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ है।
सरकारी नौकरी छोड़ने पर चर्चा
गुजरात पुलिस के कांस्टेबल का यह फैसला राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। जहां उनके समर्थक इसे वैचारिक प्रतिबद्धता बता रहे हैं, वहीं कई लोग सरकारी सेवा में रहते हुए राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े नियमों को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं।
सरकारी कर्मचारियों के लिए सेवा नियमों के तहत राजनीतिक गतिविधियों में भागीदारी को लेकर स्पष्ट प्रावधान होते हैं। ऐसे में अब आगे की प्रक्रिया पुलिस विभाग के नियमों के अनुसार होगी।
पुलिस विभाग में जमा किया इस्तीफा
जानकारी के अनुसार, रामगर गोसाईं ने विधिवत तरीके से अपना इस्तीफा विभाग को सौंपा है। अब विभागीय स्तर पर इसकी जांच और प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन और उससे जुड़े राजनीतिक मुद्दों को लेकर देशभर में चर्चा चल रही है। कांस्टेबल के इस्तीफे ने सोशल मीडिया पर भी लोगों का ध्यान खींचा है।
Tags: