Gujarat गुजरात : गुजरात के सुरेन्द्रनगर और अमरेली जिलों में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन किशोरों समेत पांच लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि सुरेन्द्रनगर-ध्रांगधरा मार्ग पर दुधरेज रेलवे क्रॉसिंग के पास आधी रात के करीब एक ट्रक से मोटरसाइकिल टकराने से तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
‘ए’ डिवीजन थाने के इंस्पेक्टर आर एम संगाडा ने बताया कि मृतक दिव्यांश परमार (18), इमरान मोवर (16) और अफजल सिपाई (22) सुरेन्द्रनगर कस्बे के निवासी थे। अधिकारी ने बताया, “तीनों वापस कस्बे की ओर जा रहे थे, तभी उनकी मोटरसाइकिल विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।
” एक अन्य दुर्घटना में शनिवार रात अमरेली जिले के सावरकुंडला-महुवा रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी, जिसमें एक महिला और 14 वर्षीय लड़के की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। सावरकुंडला थाने के इंस्पेक्टर सीएन कुगासिया ने बताया कि अज्ञात चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि एक परिवार के पांच सदस्य शनिवार रात सावरकुंडला शहर के बाहरी इलाके में एक रेस्तरां में खाना खाने गए थे और दो मोटरसाइकिलों पर घर लौट रहे थे।
अधिकारी ने बताया, "किसी कारण से वे सावरकुंडला-महुवा रोड के गलत साइड पर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। 58 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लड़के ने सुबह अमरेली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।" उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान वनिता जोशी (58) और जय जोशी (14) के रूप में हुई है। परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हो गए।