गान्धीनगर: 77वां गणतंत्र दिवस का राज्य स्तरीय समारोह नवगठित वाव-थराद जिले में आयोजित किया गया। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने मुख्य मंच से राष्ट्रीय ध्वज फहराकर गणतंत्र दिवस मनाया ।
इसके बाद मंच पर उपस्थित राज्यपाल देवव्रत, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित सभी गणमान्य अतिथियों और वहां उपस्थित नागरिकों ने एक साथ राष्ट्रगान का गायन किया। इस अवसर पर भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टर ने आकाश से पुष्पवर्षा की।
राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी सहित वरिष्ठ अधिकारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे। राज्यपाल आचार्य देवव्रत के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी ने उनका स्वागत किया।