गुजरात में अहमदाबाद साइबर क्राइम ने ड्रग्स के अंतरराष्ट्रीय रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस का कहना है कि विदेशी ड्रग माफिया डाक के जरिए भारत में ड्रग्स की तस्करी कर रहे हैं। यह अंतरराष्ट्रीय गैंग कनाडा से ऑपरेट हो रहा है। डार्क वेब (Dark Web) के जरिए चल रहे ड्रग्स रैकेट में ऑनलाइन पार्टी ड्रग्स ऑर्डर किए जाते थे।
पुलिस के हाथ विदेश से आया पार्सल लगा है, जिसमें ड्रग्स भेजा गया था। पुलिस का कहना है कि अमेरिका से करीब 20 ड्रग्स पार्सल आए थे। सूचना मिलने के बाद साइबर क्राइम ने एफपीओ और अहमदाबाद कस्टम्स के साथ मिलकर एक ऑपरेशन चलाया, जिसमें यह बात सामने आई कि ऑनलाइन ड्रग्स काफी समय से भेजा जा रहा है। पुलिस ने 2,31,000 रुपये मूल्य की 2.31 ग्राम कोकीन और 46,08,015 रुपये कीमत की 5,970 किलोग्राम विभिन्न दवाएं जब्त की हैं।
कच्छ में पकड़ी गई थी 800 करोड़ की कोकीन
गुजरात में बड़ी मात्रा में ड्रग्स पकड़ी जा चुकी है। 24 घंटे पहले कच्छ में 800 करोड़ की कोकीन पकड़ी गई। इसके बाद अहमदाबाद साइबर क्राइम ने ड्रग्स तस्करी के इंटरनेशनल रैकेट का भंडाफोड़ किया। यह पूरा नेटवर्क कनाडा से ऑपरेट होता था और डार्क वेब के जरिए ऑनलाइन पार्टी के लिए ड्रग्स ऑर्डर किए जाते थे। भारत में ड्रग सप्लाई करने वाली इंटरनेशनल गैंग के खुलासे में चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं।
कैसे चलता था पूरा नेटवर्क
डार्क वेब और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करके अमेरिका, कनाडा और फुकेत से किताबें और खिलौने के जरिए पार्टी ड्रग्स मंगवाया जाता था। अंतरराष्ट्रीय कोरियर कंपनी से खिलौने और किताबों की डिलीवरी होती थी। किताबों के पन्ने ड्रग्स में भिगोकर रखे जाते थे। किताब डिलीवर होने के बाद पन्नों के बारीक टुकड़े करके ड्रग्स तैयार किया जाता था। ड्रग्स तस्करी का यह सबसे नया तरीका गुजरात में सामने आया है।
अहमदाबाद साइबर क्राइम को मिली जानकारी के बाद पूरी जांच की गई. इसके बाद यह पूरा खेल सामने आया है। पुलिस ने कोकीन और दवाएं जब्त की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई जा रही है। अमेरिका से ड्रग्स के 20 पार्सल आए थे। पुलिस ने ड्रग्स ऑर्डर करने वालों को ट्रेस कर लिया है और आगे की जांच शुरू है।
Tags: