हरियाणा-राजस्थान बॉर्डर के करीब सक्रिय हुए बादलों के कारण शनिवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो रही है। शुक्रवार रात भी कई जिलों में जबरदस्त ओलावृष्टि और बारिश हुई। रात 10 बजे के करीब मध्य हरियाणा के जींद में गरज के साथ तेज बारिश शुरू हुई। इसके बाद प्रदेशभर में बारिश होने की सूचना आई। कई जिलों में रात को शुरू हुई बारिश शनिवार सुबह भी जारी रही।भिवानी, रेवाड़ी क्षेत्र में जबरदस्त ओले गिरे। रात 8 बजे के बाद फतेहाबाद व सिरसा में भी ओलावृष्टि हुई। वहीं बारिश-ओलावृष्टि से 5 से ज्यादा जिलों में फसलों को नुकसान पहुंचा है। चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, झज्जर में भी ओले गिरने की सूचना है। फसलों को भारी नुकसान का अंदेशा जताया जा रहा है।
ओलों से फसलों में ज्यादा नुकसान कृषि मंत्री जेपी दलाल के लोहारू और इसके आसपास के इलाकों में देखने को मिल रहा है। भिवानी के लोहारू हलके के गांव सिंघनी में तो ओले से सड़कों और खेतों की हालत पहाड़ पर होने वाली बर्फबारी का अहसास करा रही थी।