शराब के पैसे नहीं देने पर युवकों की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल, 5 गिरफ्तार

छग

Update: 2025-12-18 09:48 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शराब के लिए पैसे नहीं देने पर बदमाश युवकों ने दो युवकों की सरेआम बेरहमी से पिटाई कर दी। यह घटना बुधवार 17 दिसंबर की रात पुराना बस स्टैंड स्थित शराब दुकान के पास हुई, जहां बदमाशों ने युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर लात-घूंसे मारे। इस पूरी वारदात का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, तालापारा निवासी अजय चौहान (22) अपने दोस्त करण बचकानी के साथ शराब खरीदने के लिए पुराना बस स्टैंड स्थित शराब दुकान गया था। इसी दौरान वहां राहुल बंजारे पहुंचा और उसने करण से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। करण ने जब पैसे देने से मना कर दिया, तो राहुल ने अपने दोस्तों को मौके पर बुला लिया।
कुछ ही देर में राहुल के साथ अरमान अली, मनोहर विश्वकर्मा, धर्मेंद्र बंजारे और रितेश सोनकर भी वहां पहुंच गए। सभी युवकों ने मिलकर करण से पैसे मांगने शुरू कर दिए। जब करण ने दोबारा इनकार किया, तो बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए झगड़ा शुरू कर दिया और देखते ही देखते मारपीट पर उतर आए। आरोपियों ने पहले करण की पिटाई शुरू की। अजय चौहान जब बीच-बचाव करने पहुंचा, तो बदमाशों ने उसके साथ भी मारपीट की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाश युवकों ने करण को चारों तरफ से घेर लिया और दौड़ा-दौड़ाकर लात-घूंसे मारते रहे। इस दौरान उसे उठाकर कई बार सड़क पर पटक दिया गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बदमाश युवक सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर बेरहमी से वार कर रहे हैं। इस हमले में करण बचकानी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, करण को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है।
शराब दुकान के सामने खुलेआम हुई इस मारपीट की सूचना मिलते ही तारबाहर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर हमलावर युवक मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने अजय चौहान की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। रात भर चली कार्रवाई के बाद पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में राहुल बंजारे (20) निवासी रेलवे स्टेशन क्षेत्र, धर्मेंद्र कुमार बंजारे (30) निवासी नवागांव थाना बिल्हा, रितेश सोनकर (19) निवासी बुधवारी बाजार थाना तोरवा, मनोहर विश्वकर्मा (31) और अरमान अली (20) दोनों निवासी गणेश नगर चुचुहियापारा, बिलासपुर शामिल हैं।
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें पुलिस की कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वीडियो में आरोपी युवक लंगड़ाते हुए नजर आ रहे हैं और कहते सुनाई दे रहे हैं कि “पुलिस हमारी बाप है।” हालांकि, आरोपियों का दावा है कि भागने के दौरान गिरने से उन्हें चोट लगी है। पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। इधर, शराब दुकान के पास हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब दुकानों के आसपास आए दिन विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन सख्त कार्रवाई नहीं होने से बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। वायरल वीडियो ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और गंभीर चोट पहुंचाने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज को सबूत के तौर पर जांच में शामिल किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Tags:    

Similar News