जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नैला स्थित दुर्गा पंडाल के पास से चोरी हुई मोटरसाइकिल को पुलिस ने बरामद कर लिया है। इस मामले में रायपुर जिले के तिल्दा क्षेत्र के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये कीमत की HF Deluxe मोटरसाइकिल जब्त की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुरदा निवासी मनुप्रताप पटेल 16 अक्टूबर 2026 को अपनी HF Deluxe मोटरसाइकिल क्रमांक CG-11-AX-8456 से नैला स्थित दुर्गा पंडाल में दर्शन करने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक नहरियाबाबा मंदिर रोड पर एक दुकान के पास खड़ी की थी। इसके बाद वे दर्शन करने चले गए।
करीब एक घंटे बाद जब मनुप्रताप वापस लौटे तो उनकी मोटरसाइकिल निर्धारित स्थान पर नहीं थी। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने नैला पुलिस चौकी पहुंचकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
मुखबिर की सूचना पर तिल्दा पहुंची पुलिस
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की मोटरसाइकिल रायपुर जिले के तिल्दा क्षेत्र में दो युवक इस्तेमाल कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ग्राम नेवरा पहुंची और संदिग्ध युवकों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुनेश्वर प्रसाद निषाद और आयुष धीवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उनके कब्जे से चोरी की गई HF Deluxe मोटरसाइकिल बरामद की गई।
50 हजार रुपये की मोटरसाइकिल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल क्रमांक CG-11-AX-8456 जब्त की है। बरामद बाइक की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुनेश्वर प्रसाद निषाद (20 वर्ष), निवासी नेवरा वार्ड क्रमांक 07, थाना तिल्दा और आयुष धीवर (19 वर्ष), निवासी नेवरा वार्ड क्रमांक 14, थाना तिल्दा, जिला रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 1 नवंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
Tags: