रात में रास्ता पूछने पर युवकों ने किया हमला, बेसबॉल बैट से मारपीट का आरोप

छग

Update: 2026-03-07 14:29 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में देर रात रास्ता भटककर पहुंचे युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना Rawatpura Colony के फेस-02 इलाके की बताई जा रही है, जहां कुछ युवकों ने गाली-गलौज करते हुए बेसबॉल बैट और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक Chaurasiya Colony की गली नंबर-02 में रहता है और 12वीं तक पढ़ाई कर चुका है। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 मार्च 2026 की रात वह अपने दोस्त निहाल के साथ मोटरसाइकिल से अपने परिचित उमर से मिलने के लिए निकला था। रास्ते में दोनों युवक रास्ता भटक गए और घूमते हुए रावतपुरा कॉलोनी फेस-02 इलाके में पहुंच गए।

पीड़ित के अनुसार रात करीब 1:30 बजे वहां तीन युवक मिले। उनमें से एक युवक उन्हें देखकर चिल्लाने लगा और पूछने लगा कि वे वहां क्या कर रहे हैं। आरोप है कि उसने खुद को “कालू भाई का भाई अभिषेक” बताते हुए मां-बहन की गंदी गालियां देना शुरू कर दिया। इसके बाद वह पीड़ित की मोटरसाइकिल की चाबी छीनने की कोशिश करने लगा। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मौजूद अन्य युवक भी आक्रामक हो गए। पीड़ित का कहना है कि उस दौरान आरोपियों के साथी एक-दूसरे को विक्की और रितेश नाम से पुकार रहे थे। कुछ ही देर में वहां और लोग भी आ गए और सभी ने मिलकर पीड़ित के साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने हाथ-मुक्कों के अलावा बेसबॉल बैट से भी हमला किया।

मारपीट के दौरान पीड़ित को घसीटते हुए नाली में पटक दिया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। इस हमले में युवक के दोनों घुटनों, दाहिने कंधे और बाएं कान के ऊपर चोट आई है, जिससे उसे दर्द की शिकायत है। पीड़ित ने बताया कि पूरी घटना उसके साथ मौजूद दोस्त निहाल ने देखी और सुनी है। घटना के बाद उसने अपने भाई मोहसिन खान और मोहम्मद फैय्याज को भी इसकी जानकारी दी। इसके बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर पूरे मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News