Durg. दुर्ग। जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जन्मदिन मनाने के लिए दोस्तों के साथ शिवनाथ नदी के सिरसा एनीकट पहुंचे एक युवक के तेज बहाव में बह जाने से हड़कंप मच गया। घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी। हादसे को 18 घंटे से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन अब तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। रविवार सुबह से एक बार फिर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया है। टीम नदी के आसपास के इलाकों में लगातार तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार, खुर्सीपार निवासी पांच युवक शनिवार को शिवनाथ नदी के सिरसा एनीकट पहुंचे थे। सभी दोस्त वहां जन्मदिन की पार्टी मनाने गए थे। दोपहर में खाना खाने के बाद शाम करीब 6 बजे दो युवक नदी किनारे बर्तन धोने के लिए गए थे। इसी दौरान सत्यदेव मोहबिया (26 वर्ष) नदी किनारे पानी भर रहा था। बताया जा रहा है कि पानी भरते समय बर्तन में पानी का वजन बढ़ गया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया। अचानक पैर फिसलने के कारण वह नदी के तेज बहाव में गिर गया और देखते ही देखते पानी में बह गया।
दोस्तों ने मचाया शोर पुलिस को दी सूचना
घटना के बाद साथ मौजूद दोस्तों ने तुरंत शोर मचाया और आसपास मौजूद लोगों को मदद के लिए बुलाया। इसके बाद पुलिस को हादसे की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही जेवरा सिरसा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल एसडीआरएफ टीम को बुलाया और नदी में युवक की तलाश शुरू की गई। जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी शमित मिश्रा ने बताया कि युवक अपने दोस्तों के साथ नदी किनारे पहुंचा था। हादसे के बाद पुलिस और बचाव दल ने देर शाम तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
अंधेरा होने के कारण रोका गया अभियान
एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने नदी के अलग-अलग हिस्सों में युवक की तलाश की। तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण रात में अभियान रोकना पड़ा। इसके बाद रविवार सुबह फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। टीम नदी के संभावित स्थानों पर युवक की तलाश कर रही है।
परिवार में चिंता का माहौल
सत्यदेव मोहबिया खुर्सीपार के बिहारी मोहल्ले का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवक के नदी में बहने की खबर से परिवार में चिंता और दुख का माहौल है। परिजन लगातार रेस्क्यू टीम से जानकारी ले रहे हैं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम का कहना है कि युवक की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। नदी के बहाव और गहराई को देखते हुए सावधानीपूर्वक अभियान चलाया जा रहा है। इस हादसे ने एक बार फिर नदी और एनीकट क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन लगातार लोगों से अपील करता रहा है कि तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने से बचें और पानी में उतरते समय विशेष सावधानी बरतें।