रास्ता पूछने के बहाने युवक से चाकू की नोक पर लूट, तीन आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-06-29 14:40 GMT
Balod. बालोद। बालोद जिले में रास्ता पूछने के बहाने एक युवक से चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने रानीमाई-हर्राठेमा जंगल घाटी में वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन तथा लूटी गई रकम में से 700 रुपये बरामद किए हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस के अनुसार, ग्राम गोड़पाल निवासी धर्मेंद्र कुमार उइके (30) ने 19 जून को थाना बालोद में शिकायत दर्ज कराई थी।
उन्होंने बताया कि 18 जून को वह अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 VH 8995 से बीज खरीदने के लिए 4 हजार रुपये लेकर बालोद आए थे। हालांकि तबीयत खराब होने के कारण वह बीज खरीदे बिना ही दोपहर करीब एक बजे वापस अपने गांव लौट रहे थे। करीब 1:35 बजे जब वह रानीमाई-हर्राठेमा जंगल घाटी के पास पहुंचे, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पहले बालोद जाने का रास्ता पूछा और बातचीत के दौरान अचानक वारदात को अंजाम दे दिया। एक आरोपी ने उनके गले पर चाकू अड़ा दिया, जबकि दूसरे ने पसली में मुक्का मारकर डराया। इसी दौरान तीसरे आरोपी ने उनकी जेब से पर्स निकाल लिया और उसमें रखे 3 हजार रुपये लेकर तीनों झलमला की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बालोद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। साथ ही मोबाइल टॉवर डंप और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर संदिग्धों की पहचान की गई। तकनीकी जांच और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सामान और लूट की राशि बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी लिपेंद्र साहू के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 24 W 1779 और एक मोबाइल फोन जब्त किया। आरोपी जतिन पटेल के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। वहीं आरोपी गौरव यादव उर्फ टुक्कू यादव के कब्जे से लूटी गई रकम में से 700 रुपये और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को 28 जून को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यदि आरोपियों की अन्य आपराधिक गतिविधियों का पता चलता है तो उसके अनुसार भी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपियों में लिपेंद्र साहू (20 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 11 चिखलाकसा, थाना राजहरा, जिला बालोद, जतिन पटेल (18 वर्ष 2 माह), निवासी वार्ड क्रमांक 11 चिखलाकसा तथा गौरव यादव उर्फ टुक्कू यादव (18 वर्ष 6 माह), निवासी वार्ड क्रमांक 11 चिखलाकसा शामिल हैं। बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सुनसान मार्गों पर यात्रा करते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
Tags:    

Similar News