गुढ़ियारी में उधारी के विवाद में युवक की हत्या, दोस्तों ने मिलकर रची आत्महत्या की साजिश
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से नहीं बल्कि चाकू मारकर हत्या किए जाने से हुई थी। उधारी के 5000 रुपये वापस मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में गुढ़ियारी पुलिस और एसीसीयू क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 17 अगस्त 2026 की सुबह करीब 8 बजे सूचना मिली थी कि गोगांव अंडरब्रिज के पास पुरानी रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई है। सूचना मिलने के बाद गुढ़ियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान प्रीतम साहू पिता शिवकुमार साहू उम्र 19 वर्ष निवासी छोटा अशोक नगर गुढ़ियारी रायपुर के रूप में हुई। पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए मर्ग क्रमांक 55/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा भेजा गया।
पोस्टमार्टम से खुला हत्या का राज
शव के पंचनामा और जांच के दौरान पुलिस को मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले। इसके बाद पुलिस अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई और जांच हत्या के एंगल से शुरू की गई। पुलिस उपायुक्त क्राइम स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में जांच शुरू की गई। एडीसीपी गौरव मंडल, एडीसीपी आदित्य पांडेय, एसीपी नरेश पटेल और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के सुपरविजन में थाना प्रभारी गुढ़ियारी नरेंद्र साहू और एसीसीयू टीम ने मामले की जांच की।
CCTV और पूछताछ से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल की परिस्थितियों, आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक प्रीतम साहू ने आरोपी निखिल ध्रुव को 5000 रुपये उधार दिए थे। आरोपी द्वारा पैसे वापस नहीं करने पर मृतक लगातार उससे अपनी रकम मांग रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
पटरी के पास ले जाकर की हत्या
पुलिस के अनुसार 16 अगस्त 2026 की रात आरोपी निखिल ध्रुव ने मृतक को कहा कि वह एटीएम से पैसे निकालकर वापस कर देगा और उसे रेलवे पटरी की ओर ले गया। वहां पहले से मौजूद उसके साथी दीपक साहू, नितिन प्रधान और दो नाबालिग बालकों के साथ मिलकर आरोपियों ने प्रीतम साहू पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से आरोपियों ने शव को रेलवे ट्रैक पर छोड़ दिया और सभी आरोपी ओडिशा के टिटलागढ़ भाग गए।
पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा
पुलिस टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और आखिरकार सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में निखिल ध्रुव उम्र 20 वर्ष, दीपक साहू उम्र 22 वर्ष और नितिन प्रधान उर्फ सोमू उम्र 21 वर्ष शामिल हैं। इसके अलावा दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी हिरासत में लिया गया है।