रायपुर में ई-रिक्शा की टक्कर से युवक घायल, आरोपी चालक फरार

छग

Update: 2026-06-07 15:10 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कटोरा तालाब स्थित रतन पैलेस के पास रविवार शाम एक सड़क हादसा हुआ, जिसमें ई-रिक्शा की टक्कर से एक युवक घायल हो गया। हादसे में कार का दरवाजा भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद ई-रिक्शा चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, रतन पैलेस, कटोरा तालाब में रहने वाले पीड़ित युवक, जो इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके हैं और वर्तमान में प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्य से जुड़े हैं, शाम करीब 6 बजे अपने घर पहुंचे थे। उन्हें उनके भाई वसीम जिलानी और उनके मित्र डॉ. सूर्या गुप्ता उनकी कार रेनॉल्ट डस्टर (क्रमांक CG18 L 4455) से घर छोड़ने आए थे।

जैसे ही युवक कार से उतरे और दरवाजा पकड़कर खड़े हुए, उसी दौरान ई-रिक्शा (क्रमांक CG04 PE 4548) के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए कार के दरवाजे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी अचानक हुई कि युवक संभल नहीं सके और हादसे में घायल हो गए। घटना के बाद ई-रिक्शा चालक ने रुकने की बजाय वाहन सहित मौके से भागने की कोशिश की। आसपास मौजूद लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह फरार हो गया। हादसे में युवक के दाहिने हाथ और होंठ में चोट आई है, जिससे खून निकलने लगा।

साथ ही टक्कर के कारण कार के दाहिने हिस्से का पिछला दरवाजा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ई-रिक्शा चालक की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस क्षेत्र में ई-रिक्शा और छोटे वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही से चलने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, जिससे सड़क पर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान की जा रही है। जल्द ही उसे पकड़कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल युवक का प्राथमिक उपचार कराया गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें।
Tags:    

Similar News