महादेव घाट एनीकट में युवक की डूबने से मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

छग

Update: 2026-05-27 13:17 GMT
Raipur. रायपुर। रायपुर के महादेव घाट स्थित एनीकट डैम में 24 मई को एक युवक की डूबने से हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मृतक के परिजनों ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और पुलिस पेट्रोलिंग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले में डीडी नगर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 19 वर्षीय रोशन नाडार के रूप में हुई है, जो फर्नीचर का काम करता था। परिजनों का कहना है कि घटना वाले दिन 24 मई को दुकान बंद होने के कारण रोशन घर पर था। इसी दौरान उसका दोस्त यशवंत साहू, जो गोकुल नगर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, उसे महादेव घाट घूमने के लिए लेकर गया था।

परिजनों के अनुसार शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच उन्हें फोन पर सूचना दी गई कि रोशन नदी में डूब गया है और उसे इलाज के लिए ओम हॉस्पिटल रायपुर ले जाया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, जहां यशवंत साहू ने घटना के संबंध में जानकारी दी। यशवंत साहू के बयान के अनुसार, वह और रोशन नदी किनारे बैठे थे, तभी वहां पुलिस पेट्रोलिंग टीम पहुंची। पुलिस को देखकर रोशन अचानक नदी में कूद गया। आरोप है कि इस दौरान पुलिस ने उसे बचाने का प्रयास नहीं किया और मौके से लौट गई। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से रोशन को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक के पिता अजीत नाडार ने इस पूरे घटनाक्रम पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके बेटे को तैरना आता था, इसलिए डूबने की संभावना पर संदेह है। उन्होंने आशंका जताई है कि या तो रोशन की हत्या की गई है या फिर पुलिस और प्रशासन की लापरवाही के कारण उसकी जान गई है। परिजनों ने यह भी बताया कि रोशन के दो मोबाइल फोन थे, जो घटना के बाद से लापता हैं। इस मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। डीडी नगर थाना पुलिस ने संबंधित सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है और यशवंत साहू से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और परिजन लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि जब तक सच्चाई सामने नहीं आती, वे संतुष्ट नहीं होंगे। परिजनों ने यह भी मांग की है कि अगर पुलिस या किसी अन्य व्यक्ति की लापरवाही साबित होती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है, जिसमें हादसा, लापरवाही और संभावित अन्य कारण शामिल हैं। मोबाइल फोन की तलाश भी की जा रही है ताकि घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकें। इस घटना ने स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस पेट्रोलिंग की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय करेगी।
Tags:    

Similar News