रायपुर में यूथ कांग्रेस नेता राहुल ठाकुर ड्रग्स और पिस्टल के साथ गिरफ्तार
पारस वाधवा की गिरफ्तारी क्यों बचा रही पुलिस?
बैजनाथपारा में रातभर खुली रहती है दुकानें
सूत्रों के अनुसार आरोपी राहुल ठाकुर को बचाने में लगे थे थाने के ASI साहब
राहुल ठाकुर के साथ पारस वाधवा भी था पुलिस हिरासत में लेकिन नहीं किया गया खुलासा
थाने के ASI साहब ने कहा मीडिया में चलने वाली ख़बरों से कोई फर्क नहीं पड़ता मैं खड़ा हूं कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता
गुर्गे करते है नशे का कारोबार
खबर प्रकाशित होने के बाद भी पुलिस नहीं करती कार्रवाई
अनदेखी के चलते वहां कभी भी हो सकती है बड़ी वारदात
जनता से रिश्ता पहले भी बैजनाथपारा को लेकर खबर प्रकाशित कर चूका है...
Raipur. रायपुर। राजधानी के कोतवाली थाना पुलिस ने आज बूढ़ातालाब के पास एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल ठाकुर को एमडीएमए ड्रग्स और पिस्टल, जिंदा कारतूस, नगदी रकम, स्कार्पियो वाहन और आईफोन के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी रंगे हाथ पकड़ा गया और उसके खिलाफ तत्काल थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 348/25 धारा 21ए नारकोटिक एक्ट, 25 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। सूत्रों के अनुसार, थाना कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि बूढ़ा तालाब क्षेत्र में चारपहिया वाहन में सवार एक व्यक्ति मादक पदार्थ रखकर उसे बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुँची और मुखबीर द्वारा बताए गए वाहन को चिन्हांकित कर पकड़ लिया। वाहन में सवार व्यक्ति ने अपना नाम राहुल ठाकुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एमडीएमए, 01 नग पिस्टल, 04 नग जिंदा कारतूस, नगदी रकम, स्कार्पियो वाहन और 01 आईफोन बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान राहुल ठाकुर ने पुलिस को लगातार गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की।
देर रात बैजनाथ पारा में आरोपी राहुल ठाकुर ने कार से मचाया आतंक
राजधानी रायपुर के कोतवाली थाना इलाके में बीती रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां बैजनाथपारा क्षेत्र की संकरी गलियों में बिना नंबर प्लेट लगी एक स्कॉर्पियो कार को चालक ने बेकाबू होकर दौड़ा दिया। तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे स्थित कई दुकानों और खड़े वाहनों को टक्कर मारते हुए भारी नुकसान पहुंचाया। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग दहशत में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात अचानक स्कॉर्पियो कार तेज आवाज के साथ बैजनाथ पारा में घुसी। चालक ने शराब के नशे में वाहन पर नियंत्रण खो दिया और एक के बाद एक कई दुकानों के शटर व दोपहिया वाहनों को टक्कर मारता हुआ आगे बढ़ता रहा। गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, हालांकि कुछ लोग बाल-बाल बच गए। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने तत्काल कार को रोक लिया। लोगों ने कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और चालक को वाहन समेत पकड़कर कोतवाली थाना पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
मामले में जानकारी देते हुए कोतवाली थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह ने बताया कि कार चालक की पहचान राहुल ठाकुर के रूप में हुई है, जो पुरानी बस्ती क्षेत्र का निवासी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि राहुल ठाकुर शराब के नशे में वाहन चला रहा था। थाना प्रभारी ने आगे बताया कि आरोपी के पास से एक पुरानी पिस्टल भी बरामद की गई है, जिसे जब्त कर लिया गया है।पुलिस के अनुसार, आरोपी राहुल ठाकुर कोई नया नाम नहीं है। इससे पहले भी वह VIP रोड स्थित एक क्लब में जबरन घुसकर तोड़फोड़ करने के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। इसके अलावा अमलेश्वर थाना क्षेत्र में जुआ खेलते हुए भी उसकी गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, राहुल ठाकुर युवा कांग्रेस नेता के रूप में भी जाना जाता है और उसका राजनीतिक रसूख भी बताया जा रहा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि स्कॉर्पियो कार को जब्त कर लिया गया है और आरोपी के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने, लापरवाही से वाहन चलाने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, अवैध हथियार रखने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वाहन पर नंबर प्लेट क्यों नहीं लगी थी और हथियार की वैधता क्या है। घटना के बाद बैजनाथ पारा क्षेत्र के दुकानदारों और स्थानीय निवासियों में नाराजगी देखी गई। लोगों ने पुलिस प्रशासन से ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, राहुल ठाकुर का आपराधिक इतिहास भी गंभीर है। वर्ष 2015 में वह थाना पुरानी बस्ती से हत्या के प्रयास के प्रकरण में जेल निरूद्ध रह चुका है। इसके अलावा, वर्ष 2019 में थाना कोतवाली से मारपीट के प्रकरण में भी वह जेल निरूद्ध रह चुका है। वर्तमान गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ न केवल मादक पदार्थ रखने और बेचने का मामला दर्ज किया गया है, बल्कि हथियार रखने के संबंध में भी कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी राहुल ठाकुर पिता योगेन्द्र ठाकुर, उम्र 29 साल, निवासी खोखोपारा पंकज गार्डन के पास, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि इस गिरफ्तारी से अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी और मादक पदार्थों की तस्करी और हथियारों के अवैध प्रचलन पर लगाम लगाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस टीम द्वारा आरोपी से पूछताछ जारी है और अन्य संभावित आरोपी या सहयोगियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश जाता है कि रायपुर पुलिस अपराधियों को किसी भी हाल में नहीं बख्शेगी और अपराधियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। स्थानीय नागरिकों में भी इस गिरफ्तारी को लेकर सुरक्षा की भावना और पुलिस पर भरोसा बढ़ा है। अधिकारियों ने बताया कि राहुल ठाकुर के खिलाफ लंबित आपराधिक मामलों के मद्देनजर पुलिस ने उसकी पकड़ मजबूत की है और आरोपी को कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस ने यह भी कहा कि एमडीएमए और अवैध हथियारों की तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी और रेड अभियान जारी रहेगा।यह मामला यह भी दर्शाता है कि रायपुर में मादक पदार्थ और अवैध हथियारों के अवैध कारोबार में सक्रिय अपराधी लंबे समय से सक्रिय हैं, और पुलिस की सतर्कता और तत्परता इस पर नियंत्रण रखने के लिए आवश्यक है।