चोरी के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई, कपड़े फाड़े और बाल काटे, 3 ग्रामीणों पर FIR
छग
Balrampur-Ramanujganj. बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में चोरी के आरोप में एक युवक के साथ भीड़ द्वारा बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना ग्राम धारानगर की है, जहां ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर बीच सड़क पर उसके कपड़े फाड़ दिए, बाल काट दिए और पाइप से जमकर पिटाई की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। जानकारी के अनुसार, कोरंधा निवासी श्रीकांत सिंह शनिवार 21 मार्च को अपनी बाइक से लगभग 8 किलोमीटर दूर ग्राम धारानगर पहुंचा था। ग्रामीणों का आरोप है कि उसने किसान परशु मिंज के घर में चोरी करने की कोशिश की। उस समय घर के सदस्य महुआ बीनने के लिए बाहर गए हुए थे। बताया जा रहा है कि श्रीकांत सिंह ने पहले घर का ताला तोड़ने की कोशिश की, फिर खिड़की तोड़कर अंदर घुस गया।
उसने घर से एक छोटी बोरी में सरसों और करीब 300 रुपए नगद चोरी कर ली। इसके बाद वह बाइक तक पहुंचकर सरसों की बोरी लादकर वापस जाने लगा। इसी दौरान ग्रामीणों को उस पर शक हुआ और उन्होंने उसे रोककर पूछताछ की। जब वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया, तो ग्रामीणों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान युवक ने चोरी करना स्वीकार भी कर लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे अर्धनग्न कर दिया, कपड़े फाड़े और उसके सिर के बाल आधे काट दिए। घटना यहीं नहीं रुकी। श्रीकांत सिंह ने अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी। जब उसके पिता मौके पर पहुंचे, तो ग्रामीणों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस पूरी घटना का वीडियो ग्रामीणों द्वारा बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद श्रीकांत सिंह के पिता ने शंकरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन नामजद ग्रामीणों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। टीआई जितेंद्र जायसवाल ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, इस मामले में अब तक चोरी की कोई औपचारिक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था, लेकिन दूसरा पक्ष उपस्थित नहीं हुआ। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, श्रीकांत सिंह पहले भी चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है और उस पर पहले भी कई बार आरोप लग चुके हैं। बावजूद इसके, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून के तहत कार्रवाई ही उचित है और किसी भी व्यक्ति के साथ इस तरह की मारपीट अस्वीकार्य है। इस घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और भीड़तंत्र को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।