नशीली टेबलेट लेकर जगदलपुर पहुंचा युवक, 420 Alprazolam के साथ गिरफ्तार
छग
Jagdalpur जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने नशीली दवाओं की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 420 Alprazolam टेबलेट के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कथित तौर पर ओडिशा से नशीली दवाएं लेकर जगदलपुर में खपाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से बरामद टेबलेट की कीमत करीब 1.68 लाख रुपए बताई है।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को बोधघाट थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक ओडिशा से अड़ावाल के रास्ते स्प्लेंडर प्लस बाइक से जगदलपुर की ओर आ रहा है। उसके पास प्रतिबंधित नशीली टेबलेट होने और उन्हें बिक्री के लिए लाए जाने की सूचना थी। आरोपी की पहचान बादल नाग उर्फ टिन्नी (20), निवासी दंतेश्वरी वार्ड, बैला बाजार, जगदलपुर के रूप में हुई है।
सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर टीम ने ओडिशा रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास MCP लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए और बाइक क्रमांक CG 17 KU 6721 के आधार पर पुलिस ने युवक को रोककर पूछताछ की।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास रखे झोले से Alprazolam की 28 पत्तियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 420 टेबलेट थीं। पुलिस ने नशीली दवाओं को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बोधघाट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(B) के तहत मामला दर्ज किया। पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब नशीली दवाओं के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच कर रही है।