Betul. बैतूल। जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की मौत की जानकारी मिलने के बाद उसकी प्रेमिका ने भी जहर खा लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान महावीर वार्ड निवासी 25 वर्षीय शिवांश सोनी के रूप में हुई है। शिवांश रायपुर स्थित एक कॉफी हाउस में मैनेजर के पद पर कार्यरत था और अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसके पिता छिंदवाड़ा में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। बताया गया है कि शिवांश दो-तीन दिन पहले ही बैतूल आया था।
शुक्रवार शाम उसने अपने घर की छत पर बने कमरे में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार और पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। इधर, शिवांश की मौत की खबर जैसे ही उसकी महिला मित्र को मिली, वह मानसिक रूप से टूट गई। शनिवार सुबह उसने जहर खा लिया। युवती मूल रूप से साईंखेड़ा क्षेत्र की रहने वाली है और बैतूल में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में काम करती है। बताया जा रहा है कि वह शिवांश से उम्र में लगभग दो साल बड़ी है। कोतवाली टीआई देवकरण डहरिया के अनुसार, दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजनों की असहमति के कारण तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
इसी कारण युवक ने यह कदम उठाया होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से एक दिन पहले युवती डैम क्षेत्र में संदिग्ध स्थिति में मिली थी, जहां वह आत्महत्या का प्रयास करने वाली थी। पुलिस टीम ने समय रहते उसे बचाकर थाने लाया था और उसकी काउंसलिंग भी की गई थी। उस दौरान युवती ने पुलिस को बताया था कि शिवांश परेशान है और आत्महत्या जैसी बातें कर रहा है। पुलिस ने बताया कि अब दोनों मामलों की अलग-अलग जांच की जा रही है। युवक की आत्महत्या के पीछे के कारणों और परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। वहीं युवती द्वारा जहर खाने की घटना को लेकर भी बयान दर्ज किया गया है। फिलहाल युवती की हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे संवेदनशील मामलों में संयम रखें और अफवाहों से बचें।