उफनती नदी में बाइक समेत बहे युवक-युवती, रस्सी के सहारे बची युवती; युवक लापता
छग
Mainpat मैनपाट। सरगुजा जिले के मैनपाट में तेज बारिश के बीच घुनघुट्टा नदी के उफान में बाइक सवार युवक-युवती बह गए। हादसे में युवती को स्थानीय ग्रामीण ने अपनी सूझबूझ और साहस से सुरक्षित बचा लिया, जबकि युवक तेज बहाव में लापता हो गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की टीम देर शाम तक उसकी तलाश में जुटी रही। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।
घटना कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के रोपाखार में कैंप नंबर-2 के पास शनिवार शाम करीब 5:30 बजे हुई। जानकारी के मुताबिक केरल निवासी गौरी नंदन (22) और यदुकृष्ण (25) रायपुर में रहकर पढ़ाई करते हैं। दोनों ट्रेन से अंबिकापुर पहुंचे थे और वहां से बाइक किराए पर लेकर मैनपाट घूमने गए थे। शाम के समय दोनों कमलेश्वरपुर से टाइगर प्वाइंट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घुनघुट्टा नदी के पुल पर पानी तेज बहाव के साथ ऊपर से गुजर रहा था। दोनों ने बाइक से पुल पार करने की कोशिश की, लेकिन बहाव की चपेट में आने से बाइक समेत नदी में गिर गए।
बहते समय दोनों ने मदद के लिए आवाज लगाई। नदी के पास रहने वाले ग्रामीण समशुद्दीन खान ने आवाज सुनकर तुरंत रस्सी लेकर मौके पर पहुंचकर बचाव शुरू किया। युवती करीब एक किलोमीटर तक बह गई थी। समशुद्दीन ने नदी के किनारे दौड़ते हुए कई बार रस्सी फेंकी। आखिरकार युवती ने रस्सी पकड़ ली और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं युवक तेज बहाव में बह गया और उसका कोई पता नहीं चल सका। सूचना मिलते ही कमलेश्वरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरू की। एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दी गई है। रविवार सुबह फिर रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा।