Balrampur. बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में एक शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने शादी का झांसा देकर युवती से महीनों तक दुष्कर्म किया और जब वह गर्भवती हो गई, तो उसे छोड़कर फरार हो गया। आरोपी ने बाद में किसी दूसरी लड़की से शादी कर ली। फिलहाल शंकरगढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शंकरगढ़ क्षेत्र की एक युवती ने 28 अक्टूबर को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि उसके रिश्ते के मामा ने प्रतापपुर (जिला सूरजपुर) निवासी अजय रवि नाम के युवक से उसका रिश्ता तय कराया था। आरोपी 3 नवंबर 2024 को पीड़िता के घर आया।
शादी करने का वादा करते हुए वहीं रहने लगा। इस दौरान वह लगातार युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।करीब छह से सात महीने तक आरोपी युवती के घर में ही रहा और उसे शादी का भरोसा दिलाकर बार-बार दुष्कर्म करता रहा। कुछ महीनों बाद युवती गर्भवती हो गई। जब पीड़िता ने शादी की बात कही, तो आरोपी ने इंकार कर दिया और घर से फरार हो गया। बाद में उसने किसी अन्य युवती से विवाह कर लिया। पीड़िता ने बताया कि अब वह करीब सात महीने की गर्भवती है और आरोपी के खिलाफ न्याय के लिए दर-दर भटक रही है। उसकी शिकायत पर शंकरगढ़ पुलिस ने धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपी के खिलाफ पुख्ता सबूत मिले।
शंकरगढ़ थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी अजय रवि (28 वर्ष) पिता हीरासाय निवासी ग्राम चंदरेली, थाना प्रतापपुर, जिला सूरजपुर को पुलिस टीम ने 29 अक्टूबर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता के रिश्ते में लगने वाले मामा ने ही आरोपी को उसके घर लाया था। वह शादी का वादा कर युवती के घर में रह रहा था और उसी दौरान उसने बार-बार शारीरिक शोषण किया। युवती के गर्भवती हो जाने पर आरोपी ने उसे छोड़ दिया और दूसरी लड़की से शादी कर ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में विस्तृत विवेचना जारी है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना न केवल सामाजिक जिम्मेदारी पर सवाल उठाती है, बल्कि ग्रामीण इलाकों में महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता के अभाव को भी उजागर करती है।