सूरजपुर में महिला व्याख्याता से 48 लाख की साइबर ठगी, पुलिस जांच में जुटी
ठगी
Surajpur सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जयनगर हाई स्कूल में पदस्थ एक महिला व्याख्याता साइबर ठगी का शिकार हो गई। ठगों ने ट्रेडिंग में पैसे दोगुना करने का झांसा देकर उनसे 48 लाख रुपये से अधिक की रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करा ली। बाद में पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने बिश्रामपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, यह पूरी वारदात अप्रैल महीने की है। ठगों ने व्हाट्सऐप के जरिए महिला व्याख्याता से संपर्क कर पहले भरोसा जीता और फिर निवेश के नाम पर लगातार अलग-अलग किश्तों में पैसे मंगवाए। बाद में जब उन्होंने मुनाफा निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने सर्विस चार्ज और इनकम टैक्स के नाम पर और रकम की मांग की। पीड़िता ने बताया कि उन्होंने यह रकम अपने पति और अन्य रिश्तेदारों से उधार लेकर निवेश की थी। पुलिस ने मामले में अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
बिश्रामपुर पुलिस ने बताया कि मामला साइबर पोर्टल पर दर्ज कर लिया गया है और ट्रांसफर हुई राशि को होल्ड कराने की कोशिश की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि ठगों ने करीब 20-22 दिनों तक व्हाट्सऐप मैसेज के जरिए पीड़िता को अपने जाल में फंसाए रखा। यह जिले में अब तक की सबसे बड़ी साइबर ठगी में से एक बताई जा रही है, जिससे शिक्षा क्षेत्र में भी चिंता बढ़ गई है।