Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में एक 34 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला ने घर के बरामदे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की मर्ग जांच के बाद पुलिस ने मृतिका के पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण (उकसाने) का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतिका की पहचान आयसा खान (34 वर्ष) पति अमजद खान, निवासी कोटा मस्जिद रोड, प्राइमरी स्कूल के पास, थाना सरस्वती नगर रायपुर के रूप में हुई है। घटना 17 फरवरी 2026 की बताई जा रही है। इस मामले में थाना सरस्वती नगर में मर्ग क्रमांक 02/26 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम कर जांच की गई।
मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, मर्ग पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स अस्पताल रायपुर भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत फांसी लगाने से होना बताया गया है। इसके साथ ही मृतिका के परिजनों और गवाहों के बयान भी दर्ज किए गए। जांच में सामने आया कि आयसा खान का विवाह वर्ष 2011 में सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार अमजद खान से हुआ था। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि पति अमजद खान अक्सर पत्नी के चरित्र पर शक करता था और इसी बात को लेकर उससे झगड़ा व मारपीट करता था। परिजनों के अनुसार अमजद खान मृतिका पर मायके से अपने हिस्से की संपत्ति लाने का दबाव भी बनाता था। इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था, जिससे आयसा खान मानसिक रूप से काफी परेशान रहती थी।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि घटना से एक रात पहले भी पति ने महिला के साथ मारपीट की थी। बताया गया कि खाना बनाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। उस दौरान अमजद खान ने अपने बेटे के सामने ही पत्नी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि उसने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू को भी महिला के गले पर लगा दिया था। घटना के बाद पति अपने कमरे में सोने चला गया, जबकि आयसा खान अपने बच्चों के साथ दूसरे कमरे में चली गई। देर रात महिला ने घर के बरामदे में चुन्नी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मृतिका के भाई नेहाल खान ने पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि 17 फरवरी की सुबह करीब 4:40 बजे उनकी मां आफरीन बेगम ने फोन कर जानकारी दी कि आयसा खान ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलने पर वह तुरंत कोटा मस्जिद रोड स्थित घर पहुंचे, जहां उनकी बहन जमीन पर मृत अवस्था में पड़ी हुई थी और सिर से खून निकल रहा था। वहीं ऊपर पंखे में चुन्नी का फंदा आधा लटका हुआ था।परिजनों के पूछने पर अमजद खान ने बताया कि आयसा खान ने पंखे में चुन्नी से फांसी लगाई थी और जब उसे उतारा गया तो वह नीचे गिर गई, जिससे सिर में चोट लग गई।हालांकि पुलिस की जांच में सामने आया कि पति द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने और “कहीं भी जाकर मर जा” जैसे शब्द कहकर अपमानित करने से महिला मानसिक रूप से परेशान थी और उसी के चलते उसने आत्महत्या कर ली।मर्ग जांच के आधार पर पुलिस ने मृतिका के पति अमजद खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।