दो सांडों के बीच की लड़ाई में महिला की हुई मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

देखें खौफनाक VIDEO...

Update: 2025-06-18 13:35 GMT
Gariaband. गरियाबंद। जिले के मैनपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सारनाबहाल में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब महिला बाजार से सामान लेकर घर लौट रही थी और रास्ते में दो सांडों को आपस में लड़ते देखा। इसी दौरान एक उग्र सांड ने महिला पर हमला कर दिया और उसे सड़क पर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान पीलाबुडू निवासी वार्ड क्रमांक 6, सारनाबहाल के रूप में हुई है। घटना के दौरान एक राहगीर ने सांडों की लड़ाई और महिला पर हुए हमले को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला जैसे ही लड़ते हुए सांडों के पास से निकलने की कोशिश कर रही थी, तभी एक सांड अचानक पलटा और उस पर हमला कर दिया। सांड ने महिला को जोरदार टक्कर मारकर सड़क पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि मवेशियों के खुलेआम घूमने और लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा मवेशियों पर नियंत्रण लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।

हमले में महिला के पेट और सीने में गंभीर चोटें आई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के वक्त वहां अन्य लोग और बच्चे भी मौजूद थे, जो समय रहते सुरक्षित स्थान पर चले गए। ग्रामीणों ने तुरंत महिला को अमलीपदर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीलाबुडू की शादी सात साल पहले बिरीघाट में हुई थी, लेकिन पति की आत्महत्या के बाद वह मायके में रह रही थी। घटना के बाद ग्रामीणों में रोष है। उनका कहना है कि आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब ग्रामीणों ने जिम्मेदार विभागों पर कार्रवाई की मांग की है और कहा है कि आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए तत्काल प्रभावी योजना बनाई जाए।
Tags:    

Similar News