बिलासपुर: राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी में बड़े पद पर नियुक्त कराने का झांसा देकर बिलासपुर के एक युवक से 82.63 लाख रुपए लेने का मामला सामने आया है। सरकंडा पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने उसे मनेंद्रगढ़-खोंगापानी से हिरासत में लिया है
सरकंडा पुलिस के मुताबिक राजकिशोर नगर निवासी चेतन आनंद दुबे ने शिकायत में बताया कि 2025 में फेसबुक के जरिए उसकी पहचान मनेंद्रगढ़-खोंगापानी निवासी निकहत परवीन शबरी से हुई थी। दोनों के बीच नियमित बातचीत होने लगी।
शिकायत के अनुसार निकहत ने खुद को एक राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी की कार्यकर्ता बताते हुए पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से अपनी नजदीकी होने का दावा किया। उसने पहले जमीन से जुड़े विवाद में चेतन की मदद की। इससे उसका भरोसा और बढ़ गया।
चेतन पहले एक निजी कंपनी में काम करता था, लेकिन नौकरी छोड़ चुका था और राजनीति में उसकी रुचि थी। आरोप है कि निकहत ने इसी का फायदा उठाते हुए उसे पार्टी में एक बड़ा पद दिलाने का भरोसा दिया।
चेतन ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 11 जुलाई 2025 से 17 अगस्त 2026 के बीच उसने ऑनलाइन माध्यम से कुल 62 लाख 63 हजार 194 रुपए दिए। इसके अलावा अलग-अलग समय पर 20 लाख रुपए नकद भी दिए गए।
शिकायत के मुताबिक कुछ रकम निकहत की बहन सपना परवीन शबरी के बैंक खाते में जमा की गई, जबकि बाकी रकम दोस्तों और अन्य माध्यमों से ट्रांसफर की गई। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बैंक ट्रांजेक्शन और भुगतान से जुड़े दस्तावेज भी सौंपे हैं।
काफी समय बीतने के बाद भी चेतन को न तो पार्टी में कोई पद मिला और न ही पार्टी फंड के नाम पर दी गई रकम की कोई रसीद मिली। इसके बाद उसने निकहत से पैसे वापस मांगना शुरू किया। शिकायत के मुताबिक निकहत ने पहले बातचीत बंद कर दी और बाद में उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद चेतन ने सरकंडा थाने में शिकायत की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर बैंक खातों और पैसों के लेनदेन की जांच शुरू कर की। मामले की जांच के दौरान सरकंडा पुलिस की टीम मनेंद्रगढ़-खोंगापानी पहुंची। पुलिस के मुताबिक वहां निकहत परवीन के मिलने पर उसे हिरासत में लिया गया। उससे बिलासपुर में पूछताछ की जा रही है।
Tags: