पुरानी रंजिश को लेकर महिला से मारपीट, पति-पत्नी पर केस दर्ज

छग

Update: 2026-03-07 13:05 GMT
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर जिले के Arang थाना क्षेत्र के ग्राम गौरभाठ में पुरानी रंजिश को लेकर एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दंपति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया था। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम गौरभाठ में रहने वाली एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कक्षा आठवीं तक पढ़ी-लिखी है और खेती-किसानी का काम करती है। महिला के मुताबिक 6 मार्च 2026 की सुबह करीब 9 बजे वह अपने पति धनेश्वर निषाद को खाना खाने के लिए बुलाने घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान गांव में रहने वाली पूजा साहू पुरानी बातों को लेकर उसे गंदी-गंदी गालियां देने लगी। महिला ने बताया कि जब उसने पूजा साहू को गाली देने से मना किया तो वह और उसका पति हिरा सिंह साहू दोनों आक्रामक हो गए।


आरोप है कि दोनों ने मिलकर महिला के साथ हाथ-थप्पड़ से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने उसे जमीन पर पटक दिया और घसीटते हुए लात-घूंसों से मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि मारपीट करते समय आरोपी कह रहे थे कि “आज इसे जान से मार देंगे।” शोर सुनकर पीड़िता की देवरानी पूजा निषाद और उसकी सास खेदिन निषाद मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव करने की कोशिश की। लेकिन आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें भी गाली-गलौज किया और वहां से धमकी देते हुए चले गए। मारपीट की इस घटना में पीड़िता के दोनों हाथों और पीठ में चोट और खरोंच आई है, जिससे उसे दर्द की शिकायत है। घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News