Raipur. रायपुर। जिले में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद सुरक्षा, शांति एवं कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) श्री संदीप पटेल के निर्देशानुसार वेस्ट जोन क्षेत्र में आपराधिक तत्वों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत वेस्ट जोन अंतर्गत थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र के अपराधियों की चेकिंग, तस्दीक एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के पालन में बुधवार दिनांक 29 जनवरी 2026 को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री राहुल देव शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त पुरानी बस्ती श्री देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा व्यापक पैदल पेट्रोलिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस टीम ने थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में बंधवा पारा, भाठागांव एवं बीएसयूपी कॉलोनी में पैदल भ्रमण करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों, असामाजिक तत्वों एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की सघन जांच की। इस दौरान क्षेत्र में मौजूद लोगों की पहचान, दस्तावेजों की जांच एवं आपराधिक पृष्ठभूमि की तस्दीक की गई, जिससे अपराधियों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। अभियान के दौरान थाना पुरानी बस्ती क्षेत्रांतर्गत अवैध शराब के कारोबार पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने भाठागांव स्थित बीएसयूपी कॉलोनी से अवैध रूप से 48 पौवा देशी शराब के साथ एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनीता अहिरवार पति आनंद अहिरवार, उम्र 38 वर्ष, निवासी भाठागांव बीएसयूपी कॉलोनी के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से बरामद अवैध देशी शराब को जब्त कर उसके विरुद्ध थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 40/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद से पुलिस का उद्देश्य अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बनाना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। इसी उद्देश्य से इस तरह के विशेष चेकिंग अभियान नियमित रूप से चलाए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध शराब, नशे के कारोबार, चोरी, लूट एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराध पर अंकुश लगाया जा सके। इस विशेष चेकिंग अभियान से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूती मिली है और अपराधियों के मन में पुलिस का डर साफ तौर पर दिखाई दे रहा है।