अपने काम के दम पर फिर बनाएंगे सरकार : सीएम भूपेश बघेल

Update: 2023-06-03 05:26 GMT

बस्तर में संभागीय सम्मेलन हुई 

जसेरि रिपोर्टर

रायपुर/जगदलपुर। मिशन 2023 की तैयारी में जुटी कांग्रेस ने बस्तर में संभागीय सम्मेलन का आयोजन करके संभाग के दो हजार से अधिक पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्आओं में जोश भरा। करीब पांच घंटे चले सम्मेलन में बस्तर टाइगर महेंद्र कर्मा को याद करके मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भावुक हो गए। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि इसी बस्तर में चुनाव के ठीक पहले झीरम घाटी में नक्सलियों ने कांग्रेस के परिवर्तन यात्रा में हमला कर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर हमला किया। इस हमले में नंदकुमार पटेल, विद्याचरण शुक्ल, महेंद्र कर्मा जैसे नेताओं को हमने खोया है। यह कहते हुए वे भावुक भी हो गए। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनने के बाद बस्तर में नक्सल घटनाओं में कमी आई है। आज रात 12 बजे भी यहां के लोग बिना डरे घर से निकल पाते हैं। एक वक्त था, जब बस्तर में फर्जी एकाउंटर होते थे। निर्दोष आदिवासियों को जबरन जेल में ठूंस दिया जाता था। हमारी सरकार ने सैकड़ों निर्दोष आदिवासियों को रिहा किया।

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के काम को आधार बनाकर बस्तर की जनता के बीच जाएंगे और चुनाव में एक बार फिर जीत दर्ज करेंगे। बस्तर के लिए हमने अनेक योजनाएं दी है। यहां लगातार विकास के काम हो रहे हैं। हमने लोगों का विश्वास जीता है। बस्तर में पहले लोग आने से डरते थे। यहां डर का माहौल था, लेकिन अब समय बदला है। जगह-जगह पर विकास के काम हुए हैं। मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सरकार ने चार वर्ष के कार्यकाल में कई लोकहितकारी कार्य किए हैं, जिन्हें जनता के बीच ले जाने की जिम्मेदारी प्रत्येक कार्यकर्ता की है। चुनाव के पहले बूथ स्तर तक जाकर लोगों को सरकार की योजनाओं के बारे में बताना है, जिन्हें लाभ नहीं मिल रहा है, उन्हें लाभ दिलाना भी हम सबका दायित्व है। इंटरनेट मीडिया से लेकर हर माध्यम पर यह लड़ाई हम सब मिलकर लड़ेंगे। पहले विधानसभा और फिर लोकसभा में जीत हासिल करना लक्ष्य है, जिसमें अंतिम कार्यकर्ता तक की भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहंडीगुड़ा में सैकड़ों किसानों की जमीन लौटाई है। गोधन न्याय योजना, बेरोजगारी भत्ता, रीपा जैसी लोकहितकारी योजनाओं से लोगों को लाभ मिल रहा है। कांकेर में मेडिकल कालेज खोला, दंतेवाड़ा में प्रस्तावित किया गया है। 200 से अधिक बंद स्कूलों को खोलकर आदिवासी बच्चों को शिक्षा का अधिकार दिया है। देवगुड़ी बनाकर गांव-गांव में आदिवासी आस्था और संस्कृति का संरक्षण किया है। इन्हीं सब काम को जनता के बीच ले जाना होगा।

भाजपा नफरत और राहुल गांधी

बांट रहे प्यार: शैलजा

छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों में छत्तीसगढ़ नंबर एक है। यहां हमारी सरकार ने समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचने का काम किया है। रोजगार, शिक्षा, सडक़, स्वास्थ्य पर यहां काम किए गए हैं। विकास के इस छत्तीसगढ़ माडल को पूरा देश देख रहा है। कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा कि फिर एक बार लड़ाई का वक्त आ गया है। कार्यकर्ता चुनाव को लेकर तैयार हो जाएं। मंच से भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा जुमलेबाजी से बनी सरकार है। भाजपा नफरत फैलाती है, राहुल गांधी अंतिम व्यक्ति तक प्यार बांटते हुए पहुंच रहे हैं। इससे घबराकर भाजपा उनको निशाना बना रही है पर राहुल का मुकाबला वे नहीं कर सकते। कर्नाटक की जीत इस बात को साबित करती है। इसी तरह अब छत्तीसगढ़ में भी दोबारा सरकार बनाएंगे।

देर रात अकबर के घर पर मंथन सरकार के कामकाज को लोगों तक पहुंचाने की रणनीति

छत्तीसगढ़ कांग्रेस भी पूरी तरह से चुनावी मोड में आ गई है। शुक्रवार को बस्तर के संभागीय सम्मेलन में सभी 12 सीटें जीतने का संकल्प लेने के बाद रात लगभग दस बजे प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, मरकाम औैर सीएम समेत कुछ मंत्री अचानक कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर के बंगले पहुंचे। सूत्रों का कहना है कि बस्तर में आयोजित संभागीय सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा से संगठन की धीमी औैर सुस्त कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा की थी। इसके बाद सैलजा ने शनिवार को रायपुर में बैठक करने की बात कही थी लेकिन शनिवार को रामायण महोत्सव का समापन कार्यक्रम होने के कारण सीएम ने सैलजा से शुक्रवार रात को ही बैठक करने का आग्रह किया। जिस पर सैलजा ने हामीं भर दी। बताते हैं कि संभागीय सम्मेलन के बाद शाम को सीएम, सैलजा औैर अन्य नेता रायपुर पहुंचे। सैलजा आराम करने चली गई जबकि सीएम अपने क्षेत्र के कार्यक्रम में शिरकत कर देर शाम रायपुर लौट आए। इसके बाद मंत्री अकबर के निवास पर बैठक हुई। इसमें संगठन के आगामी कार्यक्रमों के रुपरेखा पर चर्चा की गई।बैठक में सात जून को बिलासपुर में होने वाले संभाग स्तरीय सम्मेलन के अलावा सरकार के कामकाज को लोगों के बीच लेकर जाने के लिए रणनीति पर भी चर्चा की गई।

मंत्री अकबर के बंगले में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ उनकी गाड़ी में कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर, मंत्री डा. शिवकुमार डहरिया बैैठे थे जबकि कुमारी सैलजा औैर पीसीसी चीफ मोहन मरकाम दूसरी गाड़ी में अकबर के बंगले पहुंचे। इन दोनों गाडिय़ों के बंगले में प्रवेश करने के कुछ देर बाद स्पीकर डा.चरणदास महंत भी अकबर के बंगले पहुंचे। बताया गया है कि उनके साथ वरिष्ठ विधायक धनेन्द्र साहू भी मौजूद थे।

सूत्रों का कहना है कि हाल ही में भारतीय जनता पार्टी ने एक महीने का कार्यक्रम जारी किया इसके बाद से कांग्रेसी खेमे में हलचल मच गई है क्योंकि भाजपा 30 दिनों तक सभी 11 विधानसभा में अलग-अलग कार्यक्रम के माध्यम से अधिकांश विधानसभाओं को कवर करने की प्लानिंग कर ली है। जबकि सत्ताधारी दल कांग्रेस इस मामले में काफी पीछे है। सत्ता और संगठन के बीच तालमेल की कमी को बड़ी वजह बताई जा रही है।

Tags:    

Similar News

-->